झारखंड की छात्राओं के लिए नर्सिंग के क्षेत्र में करियर बनाने का सुनहरा अवसर है।

नर्सिंग कौशल कॉलेज, जिसे झारखंड सरकार के कल्याण विभाग और प्रिजा फाउंडेशन के संयुक्त सहयोग से संचालित किया जाता है, JCECEB (झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा) की तैयारी के लिए राज्यभर की छात्राओं को 15 दिनों की निःशुल्क आवासीय कोचिंग उपलब्ध करा रहा है।


कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, फिलहाल JCECEB परीक्षा की तिथि घोषित नहीं हुई है, लेकिन परीक्षा को देखते हुए राज्यभर में निःशुल्क कोचिंग कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। 15 दिनों की इस कोचिंग के दौरान छात्राओं को प्रवेश परीक्षा की तैयारी कराई जाएगी। इसके बाद कॉलेज की ओर से उनका ऑनलाइन आवेदन (फॉर्म भरना) भी कराया जाएगा।
प्रबंधन ने बताया कि JCECEB परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद होने वाली काउंसलिंग प्रक्रिया में भी छात्राओं को पूरा सहयोग दिया जाएगा, ताकि वे अपनी पसंद के कॉलेज का चयन कर सकें। सीट आवंटन के बाद चयनित छात्राओं का पीएन नर्सिंग कॉलेज में नामांकन किया जाएगा।
कॉलेज में ANM नर्सिंग का दो वर्षीय पूर्णतः आवासीय पाठ्यक्रम संचालित होता है। इस दौरान छात्राओं के रहने, खाने और पढ़ाई की समुचित व्यवस्था की जाती है। 15 दिनों की निःशुल्क कोचिंग के लिए छात्राओं को केवल अपने कपड़े, तेल और साबुन लेकर आना होगा। रहने और भोजन सहित अन्य सभी सुविधाएं कॉलेज की ओर से निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, दो वर्षीय कोर्स के दौरान छात्राओं की पढ़ाई स्कॉलरशिप के माध्यम से कराई जाती है। लगभग डेढ़ वर्ष की पढ़ाई पूरी होने पर उन्हें झारखंड के बाहर प्रतिष्ठित अस्पतालों में ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग के लिए भेजा जाता है। प्रशिक्षण के बाद उन्हीं अस्पतालों में कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से रोजगार दिलाने का प्रयास किया जाता है। संस्थान का दावा है कि यहां पढ़ने वाली छात्राओं को 100 प्रतिशत रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा जाता है।
कॉलेज में मुख्य रूप से जुलाई और अगस्त माह में नामांकन होता है। प्रबंधन ने बताया कि JCECEB परीक्षा की तिथि घोषित होते ही छात्राओं का आवेदन भरवाया जाएगा। फिलहाल इच्छुक छात्राओं से अपील की गई है कि वे पहले 15 दिनों की निःशुल्क कोचिंग में भाग लेकर प्रवेश परीक्षा की बेहतर तैयारी करें।

