रथ यात्रा की सुरक्षा और सड़क हादसों पर नियंत्रण को लेकर प्रो. कालीपद सोरेन ने एसपी से की मुलाकात

सरायकेला: झारखंड आंदोलनकारी, शिक्षाविद एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नेता प्रोफेसर कालीपद सोरेन ने बुधवार को सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंटकर उनका स्वागत किया और जिले से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा की।


मुलाकात के दौरान प्रो. सोरेन ने आगामी रथ यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु रथ यात्रा में शामिल होते हैं, इसलिए भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाने चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर भी चिंता जताई। विशेष रूप से राजनगर क्षेत्र में नियमित वाहन जांच अभियान चलाने, नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा यातायात नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित कराने का सुझाव दिया।
प्रो. सोरेन ने अपराध नियंत्रण के विषय पर भी अपने विचार रखते हुए कहा कि पुलिस और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने से कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने एक जागरूक नागरिक के रूप में पुलिस प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिया।
इस पर पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और बेहतर पुलिसिंग देना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस जनसहयोग के साथ अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार प्रयासरत है तथा रथ यात्रा सहित सभी प्रमुख आयोजनों में सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे।

