गम्हरिया में शहीद रतिलाल महतो की शहादत को नमन, केपी सोरेन बोले- अधूरे सपने होंगे पूरे

झारखंड आंदोलन के अग्रणी योद्धा और मजदूर हितों की बुलंद आवाज रहे शहीद रतिलाल महतो के 27वें शहादत दिवस पर सोमवार को गम्हरिया के ऊपरबेड़ा स्थित उनके समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर झामुमो नेता केपी सोरेन समेत बड़ी संख्या में लोगों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके संघर्षों को याद किया।


सुबह से ही समाधि स्थल पर लोगों का आना-जाना लगा रहा। विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने रतिलाल महतो के झारखंड आंदोलन और मजदूर अधिकारों के लिए किए गए योगदान को स्मरण करते हुए उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झामुमो नेता केपी सोरेन ने कहा कि रतिलाल महतो ने मजदूरों और वंचित वर्ग की आवाज को मजबूती से उठाया। उनका संघर्ष आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में गंभीर प्रयास किए जाने की आवश्यकता है।
केपी सोरेन ने यह भी कहा कि वे जल्द ही शहीद रतिलाल महतो के परिवार से मुलाकात करेंगे और मजदूर हितों से जुड़े मुद्दों पर व्यापक रणनीति तैयार करेंगे, ताकि उनके अधूरे सपनों को साकार किया जा सके।

हर वर्ष की तरह इस बार भी आयोजित श्रद्धांजलि सभा में लोगों ने शहीद रतिलाल महतो के संघर्ष, त्याग और सामाजिक योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

