पत्नी पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी पति गिरफ्तार, लोहे की रॉड और बिजली का तार बरामद

सरायकेला: थाना पुलिस ने पत्नी पर जानलेवा हमला करने के मामले का त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सीनी ओपी क्षेत्र के स्वर्णपुर निवासी सोमरा हेंब्रम (39) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड और बिजली का तार भी बरामद किया है।


जानकारी के अनुसार, 14 जुलाई को पीड़िता ने सरायकेला थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उसके पति ने घरेलू विवाद के दौरान लोहे की रॉड से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद बिजली के तार से गला घोंटकर उसकी हत्या करने का प्रयास किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान तकनीकी और पारंपरिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई करीब एक मीटर लंबी लोहे की रॉड और बिजली का तार बरामद किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

