लौकी-भात के साथ शुरू हुआ आस्था का महापर्व चैती छठ, व्रतियों ने लिया संकल्प

पोटका : सूर्य आराधना का महान पर्व चैती छठ श्रद्धा और भक्ति के माहौल के बीच प्रारंभ हो गया। इस पावन अवसर पर छठ व्रतियों ने विधि-विधान के साथ नहाय-खाय की रस्म निभाई।


पहले दिन व्रतियों ने पवित्रता के साथ अरवा चावल का भात, चना दाल एवं लौकी की सब्जी को सेंधा नमक में बनाकर प्रसाद के रूप में तैयार किया। परंपरा के अनुसार व्रतियों ने सबसे पहले इस प्रसाद का ग्रहण कर व्रत का संकल्प लिया तथा छठी मैया से प्रार्थना की कि यह कठिन व्रत सुगमता और सफलता पूर्वक पूर्ण हो।
इस दौरान घरों में पूरी तरह शुद्धता और सात्विकता का विशेष ध्यान रखा गया। व्रतियों द्वारा प्रसाद ग्रहण करने के बाद इसे परिवार और आसपास के लोगों के बीच भी वितरित किया गया।
मान्यता है कि छठ व्रत के पालन से सभी कष्टों का निवारण होता है तथा मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है। विशेष रूप से पति एवं पुत्र की लंबी आयु, सुख-शांति, समृद्धि एवं संतान प्राप्ति की कामना के साथ श्रद्धालु इस व्रत को पूरी निष्ठा से करते हैं। चैती छठ को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है और श्रद्धालु आगामी अनुष्ठानों की तैयारी में जुट गए हैं।

