आदित्यपुर में बिजली संकट गहराया, ट्रांसफार्मर खराब होने से 20 घंटे से ठप आपूर्ति

आदित्यपुर: नगर निगम के वार्ड संख्या 29 के रोड नंबर 8 और 9 में ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण पिछले करीब 20 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप है। बिजली नहीं रहने से इलाके के सैकड़ों परिवारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी और उमस के बीच लोगों की रात बिना बिजली के बीती।


स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रांसफार्मर खराब होने की जानकारी बिजली विभाग को काफी पहले दे दी गई थी, लेकिन अब तक न तो खराबी दूर की गई है और न ही वैकल्पिक व्यवस्था की गई। लगातार बिजली गुल रहने से घरों में पानी की समस्या भी खड़ी हो गई है। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और छोटे दुकानदारों का कामकाज भी प्रभावित हुआ है।
रविवार तक बिजली बहाल नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि बिजली जैसी जरूरी सुविधा बहाल करने में हो रही देरी आम लोगों के लिए मुश्किलें बढ़ा रही है।
लोगों ने बिजली विभाग से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाने और आपूर्ति सामान्य करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल पूरे इलाके के लोग बिजली बहाल होने का इंतजार कर रहे हैं।

