अल्पसंख्यक पत्रकारों पर दर्ज मामलों की जांच की मांग, आयोग डीजीपी को लिखेगा पत्र

रांची: झारखंड में अल्पसंख्यक और भाषाई अल्पसंख्यक पत्रकारों पर दर्ज मामलों को लेकर ऑल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन (AISMJWA) ने झारखंड अल्पसंख्यक आयोग से हस्तक्षेप की मांग की है। संगठन के राष्ट्रीय महासचिव प्रीतम सिंह भाटिया ने आयोग की उपाध्यक्ष ज्योति मथारू को ज्ञापन सौंपकर पिछले 10 वर्षों में अल्पसंख्यक पत्रकारों पर दर्ज मामलों की जांच कराने और पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग की।


ज्ञापन में हाल ही में साहिबगंज में चार पत्रकारों की गिरफ्तारी का भी उल्लेख किया गया है। संगठन का कहना है कि समाचार संकलन के दौरान पत्रकारों पर गंभीर धाराओं में कार्रवाई किए जाने से पत्रकारों में रोष है। प्रीतम सिंह भाटिया ने आरोप लगाया कि कुछ मामलों में अधिकारियों द्वारा अपने पद और कानून का दुरुपयोग कर पत्रकारों के अधिकारों और सम्मान को ठेस पहुंचाई जा रही है। उन्होंने आयोग से ऐसे मामलों में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की।
इस पर झारखंड अल्पसंख्यक आयोग की उपाध्यक्ष ज्योति मथारू ने कहा कि आयोग इस विषय को गंभीरता से लेगा। उन्होंने बताया कि आयोग पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को पत्र लिखकर राज्य के अल्पसंख्यक पत्रकारों की सूची मांगेगा और जिन मामलों में शिकायतें सामने आई हैं, उनमें पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करेगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रीतम सिंह भाटिया ने अल्पसंख्यकों के हित में किए जा रहे कार्यों के लिए ज्योति मथारू को अंगवस्त्र और ‘साईं कथा’ पत्रिका भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर संगठन के कोल्हान प्रभारी अजय महतो, सरायकेला-खरसावां जिला अध्यक्ष दशरथ प्रधान, समाजसेवी संजय जायसवाल, तौहीद अहमद और फिरोज आलम उपस्थित थे।


