Sunday, September 13, 2026
Latest:
Newsझारखण्डसरायकेला

कालूराम सेवा ट्रस्ट की ओड़िया भजन संध्या में बही भक्तिरस की अविरल धारा, जगन्नाथमय हुआ माहौल

 

 

सरायकेला : कालूराम सेवा ट्रस्ट की ओर से बड़दाड़ स्थित कालूराम चौक में आयोजित भव्य ओड़िया भजन संध्या श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में संपन्न हुई। भगवान श्री जगन्नाथ को समर्पित इस आयोजन में देर रात तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पूरा परिसर “जय जगन्नाथ”, “हरि बोल” और “चकाडोला” के जयघोष तथा मधुर ओड़िया भजनों से गुंजायमान रहा।

 

भजन संध्या में बलदेव सिंह एंड ग्रुप ने भगवान श्री जगन्नाथ के लोकप्रिय ओड़िया भजनों की मनमोहक प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। उनकी भावपूर्ण गायकी ने ऐसा वातावरण बनाया कि पूरा कालूराम चौक मानो श्रीक्षेत्र पुरी की भक्ति में रंग गया।

 

इस अवसर पर त्रिपन्ना जी, चंचला जी, बालकिशन जी, शिवम चौधरी, रवि सतपति, जयराज दास तथा ओडिशा के प्रसिद्ध भजन गायक मनोज जी ने भी अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। “आहे नीलशैल”, “कालिया रे कालिया”, “जय जगन्नाथ स्वामी”, “मो काला ठाकुर” और “बड़ा दांडा रे रथ चलुचि” जैसे प्रसिद्ध भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे।

 

कार्यक्रम के दौरान शंखध्वनि, हरिनाम संकीर्तन और भगवान श्री जगन्नाथ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने महाप्रभु के श्रीचरणों में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना करते हुए सामूहिक प्रार्थना की।

 

कालूराम सेवा ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन सनातन परंपरा, ओड़िया संस्कृति और भगवान श्री जगन्नाथ की भक्ति को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। साथ ही इससे सामाजिक समरसता, भाईचारा और आध्यात्मिक चेतना को भी नई ऊर्जा मिलती है।

 

कार्यक्रम में कालूराम सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष सह नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी, वरीय मुखौटा गुरु सुशांत महापात्र, भोला मोहंती, राजेंद्र महंती, राजीव महापात्र, तरुण अग्रवाल, संजय चौधरी, राजकुमार चौधरी, अशोक चौधरी, विमल चौधरी, सुनील चौधरी, केशव चौधरी, ललित चौधरी, दिनेश चौधरी, अनमोल चौधरी, अजय चौधरी, आशुतोष चौधरी, आदर्श चौधरी सहित चौधरी परिवार के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कालूराम सेवा ट्रस्ट के सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। भजन संध्या के समापन पर सभी श्रद्धालुओं ने महाप्रभु श्री जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त कर आयोजन की सराहना की।

Share this news