जे.एच. तारापोर स्कूल में ‘प्रोब-2026’ का आयोजन, लिटिल फ्लावर स्कूल बना ओवरऑल चैंपियन

जमशेदपुर: शहर के प्रतिष्ठित जे.एच. तारापोर स्कूल, धतकीडीह में शनिवार को ‘प्रोब-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय के साइंस क्लब, कंप्यूटर साइंस क्लब, मैथ्स क्लब एवं एंटरप्रेन्योरशिप क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस इंटर-स्कूल प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने विज्ञान, तकनीक, गणित और नवाचार के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जुस्को के प्रबंध निदेशक अतुल भटनागर एवं विद्यालय की प्राचार्या लता शरत ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर प्राचार्या ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में ऐसे आयोजनों की भूमिका पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि अतुल भटनागर ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में केवल पुस्तकीय ज्ञान पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, समस्या समाधान की क्षमता, तकनीकी समझ और नवाचार की भावना विकसित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने आयोजन समिति, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने कोडिंग, रोबोटिक्स, कंप्यूटर आधारित प्रोजेक्ट, वर्किंग साइंस मॉडल, गणितीय गतिविधियों तथा उद्यमिता से जुड़े नवाचारी बिजनेस आइडिया प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की रचनात्मकता और तकनीकी दक्षता ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों को प्रभावित किया।
आयोजन का विशेष आकर्षण ‘नेचर गोज़ वायरल’ इंस्टा रील प्रतियोगिता रही, जिसमें शहर के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित रचनात्मक रील्स प्रस्तुत कीं। प्रतियोगिता का मूल्यांकन वरिष्ठ पत्रकार अन्नी अमृता एवं कोरु फाउंडेशन की संस्थापक गरिमा रोहिला ने किया।
शैक्षणिक प्रतियोगिताओं के साथ आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने नृत्य एवं फैशन शो के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। पूरे आयोजन में शानदार प्रदर्शन के आधार पर लिटिल फ्लावर स्कूल ने ‘प्रोब-2026’ का ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और सीखने की ललक देखने को मिली। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

