Newsझारखण्डसरायकेला

राइजिंग पाइप से जलापूर्ति शुरू, नगरवासियों को बड़ी राहत, वर्षों पुरानी पेयजल समस्या से मिलेगी निजात : मनोज चौधरी

 

सरायकेला: नगर पंचायत क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को बेहतर और नियमित करने की दिशा में नवनिर्वाचित बोर्ड ने महत्वपूर्ण पहल की है। राइजिंग पाइप के माध्यम से जलापूर्ति शुरू कर दी गई है। इससे लंबे समय से पेयजल समस्या से जूझ रहे नगरवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

 

जलापूर्ति शुरू करने से पहले नगर पंचायत सभागार में अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता, नगर पंचायत के अभियंता, सिटी मैनेजर और विभिन्न वार्डों के पार्षद मौजूद रहे। इस दौरान राइजिंग पाइप से जलापूर्ति, पानी के दबाव, वितरण व्यवस्था और वार्डों में पेयजल से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

 

बैठक के बाद दुर्गा मंदिर के समीप राइजिंग पाइप से टैपिंग कर बनाई गई डिलीवरी लाइन के वॉल्व की चाबी नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी और वार्ड पार्षदों ने संयुक्त रूप से घुमाकर जलापूर्ति व्यवस्था को जनता को समर्पित किया।

 

नई व्यवस्था के तहत प्रतिदिन सुबह 6:15 बजे से 7:30 बजे तक और शाम 4:15 बजे से 5:30 बजे तक जलापूर्ति की जाएगी। नगर पंचायत की इस पहल से प्रभावित क्षेत्रों में पानी का दबाव और आपूर्ति व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है।

 

नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि नवनिर्वाचित बोर्ड की प्राथमिकता नगरवासियों की बुनियादी समस्याओं का स्थायी समाधान करना है। पेयजल व्यवस्था में सुधार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आने वाले दिनों में इसे और सुदृढ़ किया जाएगा।

 

मौके पर वार्ड पार्षद उत्तम महंती, विक्रम मोदक, अंजली राय, सुषमा तिउ, गौतम नायक, बबीता कमिला, सविता पटनायक, बरुण साहू और शांति गोड़सेरा समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। इस पहल के लिए उपायुक्त, पीएचईडी विभाग, नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, वार्ड पार्षदों और संबंधित संवेदक के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Share this news