Newsझारखण्डसरायकेला

सरायकेला में कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन, केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ खोला मोर्चा

 

 

सरायकेला: उपायुक्त कार्यालय के समक्ष गुरुवार को कांग्रेस जिला कमेटी की ओर से केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ एक दिवसीय सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया गया। जिला अध्यक्ष राज बागची के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महंगाई, एमएमडीआर कानून, पेपर लीक, राम मंदिर में चोरी समेत कई मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। धरना समाप्त होने के बाद कांग्रेस नेताओं ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया।

 

इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष राज बागची ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों का असर आम जनता के साथ-साथ राज्यों के अधिकारों पर भी पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड में गठबंधन सरकार आवास, पेंशन और मंईयां सम्मान योजना समेत कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है, जिसका लाभ लोगों को मिल रहा है।

 

राज बागची ने आरोप लगाया कि इन योजनाओं से भाजपा को परेशानी हो रही है और केंद्र सरकार कानूनों के माध्यम से झारखंड के हिस्से के पैसे पर नियंत्रण करना चाहती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के अधिकारों को कमजोर करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

महंगाई के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह सरकार के समय अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत करीब 100 डॉलर प्रति बैरल होने के बावजूद सब्सिडी के माध्यम से जनता को राहत दी जाती थी। वहीं, आज भी कच्चे तेल की कीमत करीब 100 डॉलर प्रति बैरल के आसपास होने के बावजूद लोगों को पेट्रोल के लिए करीब 105 रुपये प्रति लीटर तक भुगतान करना पड़ रहा है।

 

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 में महंगाई को बड़ा मुद्दा बनाकर सत्ता में आई केंद्र सरकार बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र की नीतियों के कारण आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है और कॉरपोरेट घरानों को फायदा पहुंचाया जा रहा है।

 

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि एमएमडीआर कानून के खिलाफ गठबंधन के घटक दल मिलकर आंदोलन को और तेज करेंगे। नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने पर देशव्यापी आंदोलन, सड़क जाम और अन्य लोकतांत्रिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 

धरना-प्रदर्शन में सरायकेला विधानसभा प्रभारी प्रिंस सिंह, प्रदेश प्रवक्ता देबू छत्तर्जी, वरिष्ठ नेता फूलकांत झा, वरिष्ठ जिला कोषाध्यक्ष जगदीश नारायण चौबे, इंटक प्रभारी राणा सिंह, सुरेश धारी, जिला उपाध्यक्ष डोमन महतो, लाल बाबू सिंहदेव, खिरोद सरदार, महासचिव राजू रजक, कृष्णा टुडू, मानसिंह मुंडा, मिस्र बांसुरिया, कमलनयन, रिजवान खान, मुकेश कुमार, शंकर रोड़ा, सूरज महतो, राहुल मोदी, के.एल. सम्माड समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। राजनगर प्रखंड अध्यक्ष प्रकाश महतो, गम्हरिया प्रखंड अध्यक्ष अनिल ठाकुर, गम्हरिया प्रखंड उपाध्यक्ष इंद्रकांत झा और सरायकेला प्रखंड अध्यक्ष सचिन हेंब्रम भी प्रदर्शन में शामिल हुए।

 

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक केंद्र सरकार उनकी मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

Share this news

Deepak Mahato

दीपक महतो – संस्थापक, छोटानागपुर लाइव   दीपक कुमार महतो पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने का व्यापक अनुभव है। अपने पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने न्यूज़ 11 सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार पत्रों में काम किया है।   वर्तमान में वे छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live) के संस्थापक हैं। इसके माध्यम से वे झारखंड की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यपरक और विश्वसनीय समाचारों के माध्यम से आम जनता की आवाज को जन-जन तक पहुंचाना है।   वर्तमान पद: संस्थापक, छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live)   अनुभव: 8 वर्ष | प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनि क मीडिया