JamshedpurLatestNewsझारखण्डसरायकेला

फेसबुक मीटअप को लेकर बैठक, सरायकेला-खरसावां और जमशेदपुर में होगा आयोजन

सरायकेला। फेसबुक मीटअप 2026 के आयोजन को लेकर गुरुवार को सदस्यों और साथियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में मीटअप को बेहतर, भव्य और यादगार बनाने के साथ-साथ आयोजन की तैयारियों, आपसी समन्वय और कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि फेसबुक कंटेंट क्रिएटर संगठन की ओर से फेसबुक मीटअप 2026 का आयोजन सरायकेला-खरसावां एवं जमशेदपुर में किया जाएगा। हालांकि, कार्यक्रम की तिथि और आयोजन स्थल अभी तय नहीं किए गए हैं। आगामी दिनों में तिथि एवं स्थल को अंतिम रूप देकर इसकी जानकारी सभी सदस्यों और क्रिएटरों के साथ साझा की जाएगी।

आयोजन को सफल बनाने के लिए दीपक महतो, माधव चंद्र साहू एवं रविकांत गोपे को संरक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं स्वरूप कुमार दे, विशाल कुमार यादव, राहुल महतो, राजेश महतो, शुभाष तंतुबाई, सबिता महतो, देव ठाकुर, लक्ष्मण पुरान, संजय किस्कू, अमित परमानिक एवं संजीत महतो समेत अन्य सदस्य आयोजन की तैयारियों में सहयोग कर रहे हैं।

फेसबुक कंटेंट क्रिएटर संगठन का मुख्य उद्देश्य झारखंड के छोटे-बड़े सभी कंटेंट क्रिएटरों को एक मंच पर लाना और उनके बीच बेहतर संपर्क एवं सहयोग स्थापित करना है। संगठन के माध्यम से नए और छोटे क्रिएटरों को भी आगे बढ़ने का अवसर देने की पहल की जा रही है।

संगठन की ओर से क्रिएटरों को वीडियो एडिटिंग, सोशल मीडिया की गाइडलाइन, कंटेंट निर्माण, सोशल मीडिया के बेहतर उपयोग और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से आय अर्जित करने के तरीकों की जानकारी देने की योजना है। इसके साथ ही क्रिएटरों को सोशल मीडिया पर सुरक्षित और जिम्मेदारी के साथ काम करने के लिए आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार, फेसबुक मीटअप में झारखंड के कई बड़े कंटेंट क्रिएटरों के शामिल होने की संभावना है। ऐसे में यह कार्यक्रम नए और छोटे क्रिएटरों के लिए अनुभवी क्रिएटरों से मिलने, सीखने और अपने नेटवर्क को मजबूत करने का बेहतर अवसर साबित हो सकता है।

संगठन ने झारखंड के सभी छोटे-बड़े फेसबुक एवं सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटरों से इस पहल से जुड़ने की अपील की है। आयोजकों ने कहा कि यदि आप भी कंटेंट बनाते हैं, सोशल मीडिया पर अपनी पहचान बनाना चाहते हैं या डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ी नई चीजें सीखना चाहते हैं, तो इस संगठन का हिस्सा बन सकते हैं।

बैठक में सदस्यों ने कहा कि मीटअप का उद्देश्य केवल एक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि झारखंड के क्रिएटरों को एक मजबूत मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे एक-दूसरे से जुड़ सकें, अपने अनुभव साझा कर सकें और मिलकर आगे बढ़ सकें। मीटअप की तिथि एवं स्थान की घोषणा जल्द किए जाने की बात कही गई है।

Share this news