राजनगर के आशीष कुमार दास बने इन्फोसिस के नए CEO और MD, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी बधाई

राजनगर: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत कृष्णापुर गांव के निवासी आशीष कुमार दास को देश की अग्रणी आईटी कंपनी इन्फोसिस का नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) एवं प्रबंध निदेशक (MD) नियुक्त किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे झारखंड में खुशी का माहौल है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।


आशीष कुमार दास ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा राजनगर के सरकारी एसएस प्लस टू हाई स्कूल से प्राप्त की। साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर देश की शीर्ष आईटी कंपनियों में से एक के सर्वोच्च पद तक पहुंचने का उनका सफर मेहनत, लगन और प्रतिभा का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर बधाई संदेश जारी करते हुए कहा कि आशीष कुमार दास की उपलब्धि झारखंड के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में इन्फोसिस नई ऊंचाइयों को हासिल करेगी और वे अपने कार्यों से देश के साथ-साथ झारखंड का नाम भी वैश्विक स्तर पर रोशन करेंगे।
आशीष कुमार दास की नियुक्ति को लेकर उनके पैतृक गांव कृष्णापुर सहित पूरे राजनगर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनकी सफलता राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत और समर्पण के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

