पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने जारी की छह वांछित नक्सलियों की सूची, असीम मंडल पर एक करोड़ का इनाम

घाटशिला। पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने भाकपा माओवादी के छह वांछित नक्सलियों की सूची जारी की है। पुलिस की ओर से जारी पोस्टर में सभी वांछित नक्सलियों के नाम, फोटो और उन पर घोषित इनाम की राशि दर्ज की गई है। ग्रामीण क्षेत्रों के थाना प्रभारियों द्वारा इन पोस्टरों को चौक-चौराहों, बाजारों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर चस्पा किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, सूची में सबसे अधिक एक करोड़ रुपये का इनाम असीम मंडल उर्फ आकाश, तिमिर और मनोज पर घोषित है। वहीं राम प्रसाद मार्डी उर्फ महाराज, सचिन पर 15 लाख रुपये, मीता उर्फ नयनतारा, घुमो और पोरी पर 10 लाख रुपये, मंगल सिंह सरदार उर्फ मंगल महतो, पांडेय और मंगल दा पर 5 लाख रुपये, मालती मुर्मू उर्फ मालती पर 2 लाख रुपये तथा बुलु महतो उर्फ गीती पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
पुलिस को आशंका है कि ये सभी वांछित नक्सली झारखंड और पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती इलाकों में छिपे हो सकते हैं। पुलिस के मुताबिक, ये अलग-अलग नक्सली घटनाओं में वांछित हैं और इनके खिलाफ अभियान लगातार जारी है।
पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सूची में शामिल किसी भी वांछित नक्सली या उसकी गतिविधियों के संबंध में जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने कहा है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और उचित पुरस्कार भी दिया जाएगा।
पुलिस ने पोस्टर में संपर्क नंबर भी जारी किए हैं। वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर का नंबर 9431706480, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण का नंबर 9470199228, डीएसपी घाटशिला का नंबर 9431706485, डीएसपी पटमदा का नंबर 9431706496, मुसाबनी थाना का नंबर 9431706499 और घाटशिला थाना का नंबर 9431706517 जारी किया गया है।
पुलिस ने लोगों से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी वांछित नक्सली के बारे में जानकारी मिलने पर बिना देर किए पुलिस को सूचित करने की अपील की है।



