घाटशिला में 132 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ दो युवक गिरफ्तार, 13.12 ग्राम मादक पदार्थ बरामद

घाटशिला। पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ घाटशिला थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 13.12 ग्राम ब्राउन शुगर की 132 पुड़िया के साथ दो 19 वर्षीय युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक स्कूटर और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।


जमशेदपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में ग्रामीण एसपी शुभम कुमार खंडेलवाल ने बताया कि 29 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली थी कि मुसाबनी से ब्राउन शुगर बिक्री के लिए घाटशिला थाना क्षेत्र में लाया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर घाटशिला एसडीपीओ विकास कुमार लागुरी के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।
इसके बाद घाटशिला थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक राजेंद्र कुमार मुंडा के नेतृत्व में एसआई पंकज कालिंदी समेत पुलिसकर्मियों की टीम ने अमराईनगर पुलिया के पास छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने दो युवकों को पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास से 13.12 ग्राम ब्राउन शुगर की 132 पुड़िया, काला-सफेद रंग का एक स्कूटर और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 19 वर्षीय जय महानंद, निवासी तीन नंबर हरिजन बस्ती, मुसाबनी और 19 वर्षीय आकांक्षित कुमार, निवासी मुसाबनी नंबर-1 के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद ब्राउन शुगर कहां से लाई गई थी और इसकी बिक्री में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

