मनोहरपुर में टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस के ठहराव को मंजूरी, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

मनोहरपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस के ठहराव की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने जा रही है। भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं झारखंड से राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा के प्रयास के बाद रेलवे बोर्ड ने ट्रेन संख्या 18189/18190 टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस के मनोहरपुर स्टेशन पर प्रयोगात्मक आधार पर ठहराव को मंजूरी प्रदान की है। रेलवे बोर्ड ने ठहराव जल्द सुविधाजनक तिथि से शुरू करने के निर्देश दिए हैं।


बताया गया कि डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने 3 अप्रैल 2025 को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग की थी। उन्होंने मनोहरपुर स्टेशन की महत्वपूर्ण स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा था कि यह स्टेशन राउरकेला, रांची और झारखंड-बंगाल के प्रमुख रेल मार्गों से जुड़ा है। इसके अलावा जामदा, किरीबुरू, गुवा और बड़बिल जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में आने-जाने वाले यात्रियों के लिए भी मनोहरपुर स्टेशन काफी महत्वपूर्ण है।

सांसद की मांग के बाद रेल मंत्रालय ने 1 जुलाई 2025 को संबंधित अधिकारियों को मामले की ऑपरेशनल फिजिबिलिटी जांचने का निर्देश दिया था। इसके बाद लगातार प्रयासों और विभागीय प्रक्रिया के बाद रेलवे बोर्ड ने 27 अगस्त 2026 को टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस के मनोहरपुर स्टेशन पर ठहराव को मंजूरी दी।
डॉ. वर्मा ने रेलवे बोर्ड के फैसले के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे बोर्ड का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ट्रेन के ठहराव से पश्चिमी सिंहभूम के हजारों यात्रियों को सुविधा मिलेगी। श्रमिकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों के लिए बेहतर रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। इससे मनोहरपुर क्षेत्र की औद्योगिक, व्यापारिक और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
रेलवे बोर्ड के निर्णय का मनोहरपुर और पश्चिमी सिंहभूम के क्षेत्रवासियों ने स्वागत किया है। लोगों ने इसे लंबे समय से चली आ रही जनमांग की पूर्ति बताते हुए सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया।

