अब टाउन हॉल की बुकिंग सिर्फ ₹40 हजार में, आम लोगों को बड़ी राहत

सरायकेला। नगर पंचायत सरायकेला की चौथी बोर्ड बैठक नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं और आम लोगों को राहत देने से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा के बाद निर्णय लिए गए।


बोर्ड बैठक में सबसे अहम फैसला टाउन हॉल की बुकिंग दर को लेकर लिया गया। टाउन हॉल का किराया 55 हजार रुपये से घटाकर अब 40 हजार रुपये कर दिया गया है। नई दर लागू होने से शादी-विवाह, सामाजिक, सांस्कृतिक और अन्य कार्यक्रम आयोजित करने वाले आम एवं मध्यमवर्गीय परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी। इसके साथ ही सामुदायिक भवन और नगर पंचायत के अन्य भवनों के किराये में भी कमी कर नई दरें लागू की गई हैं।
नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि नगर पंचायत की सुविधाएं हर वर्ग के लोगों को आसानी और उचित दर पर उपलब्ध कराना बोर्ड की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को धरातल पर उतारने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। सीमित संसाधनों और मानव बल के बावजूद पारदर्शी व्यवस्था, बेहतर नागरिक सुविधाओं और सभी वार्डों के समान विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
बैठक में सेप्टिक टैंक सफाई मशीन अथवा वाहन का शुल्क भी 6 हजार रुपये से घटाकर 3 हजार रुपये करने का निर्णय लिया गया। वहीं, शहर के सभी चापाकलों की पहली बार नंबरिंग कर उनकी युद्धस्तर पर मरम्मत का काम कराया जा रहा है। पेयजल की वर्षों पुरानी समस्या के समाधान की दिशा में भी नगर पंचायत की ओर से प्रयास तेज किए गए हैं।
इसके अलावा सरकार की ओर से सरायकेला शहर के लिए उपलब्ध कराई गई 800 स्ट्रीट लाइटों को जल्द ही आवश्यकता के अनुसार विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में लगाया जाएगा।
अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने शहरवासियों से नगर पंचायत के विकास कार्यों में सहयोग की अपील की। उन्होंने लोगों से पानी की बर्बादी रोकने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और जरूरत के समय एक-दूसरे की मदद के लिए आगे आने की अपील की।
बैठक में नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि, विभिन्न वार्डों के पार्षद, कार्यपालक पदाधिकारी विपुल सनी, सिटी मैनेजर सुमित सुमन, देवाशीष प्रधान, संबंधित अभियंता और नगर पंचायत के कर्मचारी मौजूद रहे।
नगर पंचायत का कहना है कि बोर्ड के फैसलों का उद्देश्य नागरिक सुविधाओं को सस्ता, सुगम और बेहतर बनाना है, ताकि जनभागीदारी के साथ सरायकेला को स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाया जा सके।
#सरायकेला #नगरपंचायत #टाउनहॉल #मनोजकुमारचौधरी #नगरपंचायतसरायकेला #स्ट्रीटलाइट #पेयजल #विकासकार्य #जनहित #Jharkhand #Seraikela


