Newsझारखण्डसरायकेला

बारिश के बीच भी नहीं थमा फुटबॉल का रोमांच, विरला गोल्ड सोलाय ने जीता खिताब

 

राजनगर। सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत बान्दु पंचायत के बूढ़ी सिरिंग गांव स्थित फुटबॉल मैदान में एनएसबीसी बूढ़ी सिरिंग के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 का रोमांचक समापन हुआ। प्रतियोगिता के दौरान मूसलाधार बारिश के बावजूद खिलाड़ियों और दर्शकों का उत्साह कम नहीं हुआ। बड़ी संख्या में खेलप्रेमी बारिश के बीच मैदान में डटे रहे और फाइनल मुकाबले का आनंद लिया।

 

फाइनल में ओडिशा की विरला गोल्ड सोलाय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 45 हजार रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं संवैय्या ब्रदर की टीम उपविजेता रही, जिसे ट्रॉफी के साथ 35 हजार रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण मेहमानों के हाथों किया गया।

 

फाइनल मुकाबले के दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। देखते ही देखते मैदान में पानी और कीचड़ जमा हो गया। इसके बावजूद दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने हिम्मत नहीं छोड़ी और फिसलन भरे मैदान में भी मुकाबला जारी रखा। खिलाड़ियों के जुझारूपन ने दर्शकों का उत्साह और बढ़ा दिया।

 

बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मैदान में मौजूद रहे। कई दर्शक छाता लेकर तो कई बारिश में भीगते हुए खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते नजर आए। रोमांचक मुकाबले के दौरान तालियों और दर्शकों के उत्साह से पूरा मैदान गूंजता रहा।

 

कार्यक्रम में सिंहभूम सांसद जोबा मांझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने वाली थीं, लेकिन उनकी अनुपस्थिति में कृष्णा बास्के एवं शिक्षा विद प्रोफेसर कालीपद सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान दोनों का सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में झामुमो केंद्रीय सदस्य विशु हेम्ब्रम, बुद्धिजीवी मोर्चा जिला अध्यक्ष दुर्गलाल मुर्मू, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष रामसिंह हांसदा, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष रामजीत हांसदा, सोनाराम मुर्मू, भक्तु मार्डी, संजय हांसदा, धानु टुड्डु और श्याम टुड्डु समेत कई लोग मौजूद रहे।

 

टूर्नामेंट के सफल आयोजन में एनएसबीसी बूढ़ी सिरिंग फुटबॉल क्लब के अध्यक्ष सुकलाल पूर्ति, सचिव विकास हेम्ब्रम, कोषाध्यक्ष सूरज मुर्मू समेत क्लब के सदस्यों और ग्रामीणों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

 

दो दिनों तक चले इस टूर्नामेंट ने ग्रामीण क्षेत्र में फुटबॉल के प्रति युवाओं के जुनून और खेल भावना को सामने रखा। प्रतिकूल मौसम के बावजूद खिलाड़ियों और दर्शकों की मौजूदगी ने आयोजन को यादगार बना दिया।

Share this news