खनिज संपदा पर झारखंड के हक-अधिकार के खिलाफ 7 सितंबर को महाधरना, झामुमो ने बनाई रणनीति

राजनगर, 1 सितंबर 2026।


झारखंड की खनिज संपदा और प्राकृतिक संसाधनों पर राज्य के हक-अधिकार को कमजोर करने के कथित प्रयासों के विरोध में आगामी 7 सितंबर को राजनगर प्रखंड परिसर में प्रस्तावित महाधरना-प्रदर्शन को सफल बनाने को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार को राजनगर स्थित झामुमो कार्यालय में प्रखंड अध्यक्ष राम सिंह हेम्ब्रम एवं प्रखंड पदाधिकारियों की उपस्थिति में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सह झामुमो केंद्रीय सदस्य गणेश महाली की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में केंद्र सरकार के खान और खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 के माध्यम से झारखंड के खनिज एवं प्राकृतिक संसाधनों पर राज्य के अधिकारों को कमजोर किए जाने के प्रयासों के खिलाफ आयोजित होने वाले महाधरना-प्रदर्शन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं की भूमिका, विभिन्न क्षेत्रों से लोगों की भागीदारी तथा जनसमर्थन जुटाने को लेकर रणनीति तैयार की गई। बैठक में प्रखंड के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए गणेश महाली ने कहा कि झारखंड की खनिज संपदा और प्राकृतिक संसाधनों पर राज्य के हक और अधिकार की रक्षा करना झामुमो की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि झारखंड के हितों और अधिकारों को प्रभावित करने वाली नीतियों के खिलाफ पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से मजबूती के साथ आवाज उठाएगी।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से 7 सितंबर को राजनगर प्रखंड परिसर में आयोजित होने वाले महाधरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ जुटने तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
बैठक के अंत में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया।


