स्वर्णरेखा नदी में मगरमच्छ दिखने से मचा हड़कंप, ग्रामीणों में दहशत

घाटशिला। लगातार हो रही झमाझम बारिश के कारण स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। जलस्तर बढ़ने के बीच नदी के जलीय जीव अब रिहायशी इलाकों के करीब पहुंचने लगे हैं। मंगलवार की सुबह सरायकेला-खरसावां जिले के देरांग घाट के पास नदी में मगरमच्छ देखे जाने से इलाके में सनसनी फैल गई।


ग्रामीणों के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे नदी किनारे मगरमच्छ को तैरते हुए देखा गया। मगरमच्छ दिखने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे पहुंच गए। लोगों के शोर मचाने पर मगरमच्छ कुछ देर तक बीच-बीच में पानी से अपना मुंह बाहर निकालता दिखाई दिया। हालांकि, कुछ देर बाद वह गहरे पानी में चला गया और नजरों से ओझल हो गया।
इलाके में पहली बार मगरमच्छ देखे जाने की घटना से ग्रामीणों में कौतूहल के साथ-साथ डर का माहौल है।
पुलिस ने लिया जायजा, नदी किनारे जाने से रोका
घटना की सूचना मिलते ही धालभूमगढ़ थाना प्रभारी धीरज कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ देरांग घाट पहुंचे। पुलिस ने नदी के विभिन्न घाटों का जायजा लिया और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। थाना प्रभारी ने लोगों को नदी किनारे नहीं जाने और मगरमच्छ के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ नहीं करने की सख्त हिदायत दी।
बढ़ते जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट
लगातार बारिश के कारण स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर बढ़ने को देखते हुए पुलिस ने निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और नदी के आसपास अनावश्यक रूप से नहीं जाने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि मगरमच्छ को देखने के लिए नदी किनारे भीड़ जुटाने, स्टंट करने या उसे उकसाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।वन विभाग को भी घटना की सूचना दे दी गई है, ताकि मगरमच्छ की निगरानी और सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

