JamshedpurNewsझारखण्ड

निखार सबलोक हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, राघव को बताया मुख्य साजिशकर्ता; गैंगवार के एंगल पर भी जांच जारी

 

जमशेदपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र स्थित टेंथ माइल स्टोन के पास जमशेदपुर के कारोबारी निखार सबलोक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हत्याकांड से जुड़े कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे जमीन और कारोबार से जुड़ा विवाद सामने आया है। साथ ही पूरे मामले में गैंगस्टर अखिलेश सिंह और गणेश सिंह के बीच चल रहे टकराव की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

जमशेदपुर एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब और सरायकेला-खरसावां एसपी मनोज स्वर्गियारी ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, जांच में अशोक कुमार सिंह उर्फ राघव को इस हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता और मास्टरमाइंड पाया गया है। राघव सोनारी थाना क्षेत्र के खुंटाडीह का रहने वाला बताया गया है। पुलिस का दावा है कि उसी ने हत्या की साजिश तैयार करने के साथ आरोपियों को आर्थिक मदद भी उपलब्ध कराई थी।

पुलिस ने हत्याकांड में मुख्य शूटर के रूप में उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर निवासी अंकित सिंह की पहचान की है। उसके साथ एक अन्य शूटर भी वारदात में शामिल था, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। जांच के दौरान निखार सबलोक की गतिविधियों पर नजर रखने वाले कई लोगों को भी पकड़ा गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में उलीडीह थाना क्षेत्र के लक्ष्मण नगर निवासी सुनील रजक और रितेश सिंह, सोनारी के सिद्धू-कान्हू बस्ती निवासी सुशील केराई तथा उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर निवासी राजकुमार सिंह शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई दो पिस्तौल भी बरामद करने की बात कही है।

पुलिस के मुताबिक, दोनों शूटरों को हुंडई आई-10 कार से घटनास्थल तक पहुंचाया गया था। हत्या के बाद आरोपियों को मौके से निकालने में सुनील रजक, रितेश सिंह और सुशील केराई ने मदद की थी। वहीं, राघव पर आरोप है कि उसने पूरी योजना को अंजाम तक पहुंचाने के लिए अपराधियों को पैसे मुहैया कराए।

जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार राघव के खिलाफ बिष्टुपुर थाना में 25 अगस्त 2026 को मामला दर्ज हुआ था। सुनील रजक के खिलाफ बागबेड़ा में एक और मानगो थाना में दो मामले दर्ज हैं। रितेश सिंह पर मानगो थाना में दो मामले बताए गए हैं, जबकि सुशील केराई के खिलाफ भी पूर्व से मामला दर्ज है। वहीं, शूटर अंकित सिंह के खिलाफ पांच आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हत्याकांड के पीछे जमीन और कारोबार से जुड़े विवाद की कड़ियों को खंगाला जा रहा है। इसके अलावा यह मामला अखिलेश सिंह और गणेश सिंह के बीच आपसी वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा है या नहीं, इस पहलू पर भी जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले की तस्वीर और स्पष्ट होगी।

जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी और जमीनी स्तर पर जांच करते हुए आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की है। पुलिस अब फरार शूटर समेत इस हत्याकांड से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

Share this news