पोटका में बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलियाओं की होगी मरम्मत, विधायक ने डीसी को दिए निर्देश

पोटका। पूर्वी सिंहभूम जिले में लगातार हो रही भारी बारिश से पोटका, डुमरिया और जमशेदपुर प्रखंड क्षेत्र की कई प्रमुख सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। जगह-जगह गड्ढे बनने और सड़क की ऊपरी सतह खराब होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पोटका विधायक संजीव सरदार ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को पत्र देकर क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने तथा जरूरत वाले स्थानों पर पुनर्निर्माण कराने का निर्देश देने का आग्रह किया है।


विधायक ने कहा कि लगातार बारिश और जलजमाव के कारण मुख्य सड़कों की स्थिति खराब हुई है। इससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। खासकर छात्र-छात्राओं, मरीजों, बुजुर्गों और आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने संबंधित विभाग को क्षतिग्रस्त सड़कों का स्थल निरीक्षण कर जल्द आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।
मरम्मत के लिए कोवाली-डुमरिया मुख्य पथ से भागाबांधी, कुदादा-पोटका मुख्य पथ भाया बेगनाडीह, हाता-तिरिंग, हल्दीपोखर-कोवाली, हाता-जादूगोड़ा भाया मुसाबनी, मुसाबनी-डुमरिया आसनबनी, जादूगोड़ा-सुंदरनगर, खासमहल-गोविंदपुर भाया जादूगोड़ा, जमशेदपुर-हाता तथा टाटानगर रेलवे स्टेशन-बड़ौदा घाट मुख्य पथ को चिन्हित किया गया है।
इसके अलावा बारिश से क्षतिग्रस्त पुलिया और गार्डवाल की मरम्मत कराने की भी मांग की गई है। इनमें पोटका पंचायत के टांगरसाई पुलिया, मानपुर के दाबंकी नदी की पुलिया, जानमडीह के बड़ामपुट नदी की पुलिया, आसनबनी के लखनडीह नाला की पुलिया, आसनबनी कॉलेज सड़क की पुलिया और नीमपुरा खरामखल नाला की पुलिया एवं गार्डवाल शामिल हैं।
हाथीबिंधा पंचायत में आसनबनी हनुमान मंदिर के सामने की पुलिया, नारदा पंचायत के तुलग्राम पुलिया, जामदा पंचायत के गणकपदा में पुलिया के गार्डवाल तथा डुमरिया प्रखंड के खैरबनी पंचायत स्थित मुख्य पथ की पुलिया पर गार्डवाल निर्माण कराने की भी मांग की गई है।
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि चिन्हित स्थानों के अलावा विधानसभा क्षेत्र में कई अन्य सड़कें और पुल-पुलिया भी बारिश से प्रभावित हुई हैं। संबंधित विभाग को सभी क्षतिग्रस्त स्थानों का स्थलीय निरीक्षण कर क्षति का आकलन करना चाहिए और आवश्यकता के अनुसार तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आम लोगों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता है।

