चांडिल के रस्काडीह में पेयजल संकट दूर करने की पहल, विधायक सविता महतो ने कराई पानी की व्यवस्था
चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड अंतर्गत रस्काडीह के रामगढ़ टोला में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या को दूर करने के लिए विधायक सविता महतो ने पहल की है। गांव में चापाकल से पानी नहीं निकलने के कारण ग्रामीणों को दूसरे टोले से पानी लाना पड़ता था। इसके लिए उन्हें राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पार करना पड़ता था, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता था। अब गांव में ही पानी की व्यवस्था होने से लोगों को राहत मिली है।

ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए विधायक ने निजी पहल पर करीब 35 हजार रुपये की लागत से पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था कराई। इसके तहत गांव के कुएं में समरसेबल पंप लगाया गया। साथ ही करीब 750 फीट पाइपलाइन बिछाकर पानी को टंकी तक पहुंचाया गया। ग्रामीणों की सुविधा के लिए 2,000 लीटर क्षमता वाली पानी की टंकी भी लगाई गई है। इससे गांव में ही पानी उपलब्ध होने लगा है और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए दूसरे टोले पर निर्भरता कम होगी।

विधायक ने किया पेयजल व्यवस्था का उद्घाटन
नई व्यवस्था का उद्घाटन विधायक सविता महतो ने नारियल फोड़कर और फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को पेयजल सुविधा का लाभ उठाने की बात कही। लंबे समय से पानी की समस्या झेल रहे ग्रामीणों के लिए यह पहल काफी राहत देने वाली मानी जा रही है।
ग्रामीणों ने जताया आभार
गांव में पेयजल की व्यवस्था होने पर ग्रामीणों ने विधायक सविता महतो के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि चापाकल खराब होने के कारण उन्हें पानी के लिए दूसरे टोले तक जाना पड़ता था। एनएच पार करने के दौरान दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती थी। अब गांव में पानी मिलने से उनकी परेशानी कम होगी।
इस मौके पर झामुमो के केंद्रीय सदस्य ओम प्रकाश लायेक, काबलू महतो, दिलीप महतो, शिव शंकर लायेक, तारापदो सिंह, मंटू गोराई, ग्राम प्रधान, वार्ड सदस्य समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।


