Tuesday, October 27, 2026
Newsझारखण्डसरायकेला

प्रमाण पत्रों के लिए दफ्तरों के चक्कर काट रहे छात्र, मधुश्री महतो ने एसडीओ को लिखा पत्र

ई-कल्याण छात्रवृत्ति की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर, लंबित प्रमाण पत्रों के कारण हजारों गरीब विद्यार्थियों के वंचित होने की आशंका

 

चांडिल: चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में जाति, आय, आवासीय तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों के लंबित मामलों को लेकर जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने पहल की है। उन्होंने चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी को पत्र लिखकर अनुमंडल के चारों प्रखंड सह अंचल कार्यालयों में लंबित प्रमाण पत्रों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने की मांग की है।27 अक्टूबर 2026 को जारी पत्रांक 46/2026 में उन्होंने कहा है कि छात्र-छात्राओं और आम जनता की ओर से ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से प्रमाण पत्रों के लिए आवेदन किए गए हैं, लेकिन कई दिनों से आवेदन लंबित पड़े हैं। इसके कारण विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने में परेशानी हो रही है, वहीं आम लोगों को भी जरूरी सरकारी कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

 

मधुश्री महतो ने विशेष रूप से ई-कल्याण छात्रवृत्ति के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित होने का उल्लेख करते हुए चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि समय पर जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्र नहीं मिलने से हजारों गरीब और जरूरतमंद विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित हो सकते हैं।

वहीं, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी होने में देरी के कारण आम जनता को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में भी परेशानी हो रही है।उन्होंने कहा कि यह केवल प्रमाण पत्र जारी करने का मामला नहीं है, बल्कि गरीब विद्यार्थियों के भविष्य और आम जनता के अधिकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने छात्रहित एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए संबंधित कार्यालयों में लंबित आवेदनों का नियमानुसार तत्काल निष्पादन करने की मांग की है।इस पत्र की प्रतिलिपि सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त तथा चांडिल अनुमंडल के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को भी भेजी गई है। अब देखना होगा कि छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तिथि से पहले लंबित प्रमाण पत्रों के निष्पादन को लेकर प्रशासन कितनी तत्परता दिखाता है।

Share this news