चांडिल डैम से कुकड़ू-नीमडीह के किसानों को मिलेगी सिंचाई सुविधा, मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना को कैबिनेट की मंजूरी
ईचागढ़ : चांडिल डैम से कुकड़ू और नीमडीह प्रखंड के किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। झारखंड सरकार की कैबिनेट ने 27 अक्टूबर 2026 को मेगा लिफ्ट सिंचाई योजना को स्वीकृति प्रदान की है। इस फैसले पर सरायकेला-खरसावां जिला परिषद की उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने खुशी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्य सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने इसे क्षेत्र के किसानों के लिए ऐतिहासिक और सराहनीय कदम बताया।मधुश्री महतो ने कहा कि कुकड़ू प्रखंड जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्र में स्थित एक आकांक्षी एवं पिछड़ा प्रखंड है। यहां स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की अब भी कमी है। प्रखंड में चिकित्सकों, नर्सों, जनसेवकों और विषयवार शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ कोल्ड स्टोर, विद्युत सब-स्टेशन और महाविद्यालय जैसी सुविधाओं की भी आवश्यकता है। क्षेत्र के समुचित विकास के लिए इन समस्याओं का समाधान जरूरी है।उन्होंने बताया कि क्षेत्र की समस्याओं को दूर करने और विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं। इसी क्रम में जेएसएफसी गोदाम, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उप-स्वास्थ्य केंद्र, नए पंचायत भवन, आधुनिक बस पड़ाव, डीप बोरिंग, पीसीसी सड़क, पुलिया और गार्डवाल जैसी योजनाओं को धरातल पर उतारने की दिशा में पहल की गई है।

तीन बार सौंपा गया था मांग पत्र
जिप उपाध्यक्ष ने बताया कि कुकड़ू-नीमडीह क्षेत्र के किसानों को चांडिल डैम से लिफ्ट सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन के समक्ष लगातार आवाज उठाई थी। छह दिसंबर 2023 को जिला।सरायकेला-खरसावां में आयोजित ‘आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार’ कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्वयं मुख्यमंत्री को मांग पत्र सौंपा था। इसके अलावा 30 जनवरी 2023 और 13 जून 2025 को कुकड़ू प्रखंड में आयोजित जनता दरबार के दौरान उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम मांग पत्र दिया गया था।उन्होंने बताया कि दस सूत्री मांग पत्र के क्रमांक चार में कुकड़ू और नीमडीह के किसानों के लिए चांडिल डैम से लिफ्ट सिंचाई योजना शुरू करने की मांग प्रमुखता से रखी गई थी। अब कैबिनेट से इस योजना को स्वीकृति मिलने पर क्षेत्र के किसानों की वर्षों पुरानी उम्मीद पूरी होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठा है।

मधुश्री महतो ने कहा कि क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सिंचाई, निर्बाध बिजली और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास ही उनका लक्ष्य है और इसके लिए वह आगे भी सरकार तथा प्रशासन के समक्ष जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाती रहेंगी।


