सरायकेला में अफीम की खेती और अवैध शराब के खिलाफ चलेगा अभियान, उपायुक्त ने दिए सख्त निर्देश
सरायकेला-खरसावां: जिले में अफीम की खेती पर रोक लगाने, मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने और अवैध शराब के निर्माण व बिक्री के खिलाफ कार्रवाई तेज की जाएगी। इसको लेकर गुरुवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन सेंटर (NCORD) कमेटी की बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई। बैठक में संबंधित विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने नियमित निगरानी और नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

बैठक में अफीम की खेती की आशंका वाले क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने को कहा गया। उपायुक्त ने संबंधित अंचलाधिकारियों और थाना प्रभारियों को संयुक्त रूप से कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही किसानों को वैकल्पिक खेती के प्रति जागरूक करने और कृषि विभाग के माध्यम से दूसरी फसलों की जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया, ताकि किसानों को वैध और टिकाऊ आजीविका के विकल्प मिल सकें।
नशे के दुष्प्रभावों को लेकर आम लोगों, खासकर युवाओं को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। इसके तहत विद्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, हाट-बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में मादक पदार्थों के सेवन से व्यक्ति, परिवार और समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग को औचक निरीक्षण और छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने पुलिस और उत्पाद विभाग को आपसी समन्वय के साथ संयुक्त कार्रवाई करने तथा अवैध शराब से जुड़ी सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जिले के प्रमुख बाजारों में शराब दुकानों के आसपास सड़क किनारे शराब पीने और इससे यातायात बाधित होने की समस्या पर भी बैठक में चर्चा हुई। संबंधित थाना प्रभारियों और उत्पाद विभाग को ऐसे स्थानों पर नियमित निगरानी रखने तथा सार्वजनिक आवागमन बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। इस तरह की गतिविधियों को रोकने में लापरवाही बरतने वाले दुकानदारों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की बात कही गई।
वहीं, ड्रग इंस्पेक्टर को औषधि दुकानों की नियमित जांच करने का निर्देश दिया गया। प्रतिबंधित दवाओं के अवैध कारोबार या दवा संबंधी नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में गश्ती बढ़ाने, मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से संबंधित सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करने और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अवैध शराब की बिक्री और सार्वजनिक स्थलों पर शराब सेवन से जुड़ी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग के साथ समन्वय बनाकर काम करने को कहा।
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, परियोजना निदेशक आईटीडीए उषा मुंडू, आदित्यपुर नगर आयुक्त एजाज अनवर सहित पुलिस, प्रशासन, उत्पाद, परिवहन और स्वास्थ्य विभाग के संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करते हुए नशे के अवैध कारोबार पर नियंत्रण और नशामुक्ति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए नियमित निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।


