सरायकेला-खरसावां में 30 केंद्रों पर होगी JTET परीक्षा, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीसी ने दिए निर्देश
1 नवंबर को दो पालियों में होगी झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026, सीसीटीवी और सख्त जांच के बीच होगी परीक्षा

सरायकेला-खरसावां: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 के सफल और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 1 नवंबर को सरायकेला-खरसावां जिले के 30 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक मनोज सर्वगियारी, उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, आदित्यपुर नगर निगम के नगर आयुक्त एजाज अनवर, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा सहित प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी शामिल हुए।
उपायुक्त ने सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने केंद्राधीक्षकों को परीक्षा से एक दिन पहले ही परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता और उनके सही तरीके से काम करने की जांच करने को कहा।
सुरक्षा व्यवस्था रहेगी सख्त
परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ महिला परीक्षार्थियों की जांच के लिए महिला पुलिसकर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार की जाएगी, ताकि प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा केंद्रों के भीतर नहीं पहुंच सके।
प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने के लिए उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत वीडियोग्राफी के दौरान खोलने का निर्देश दिया गया है। प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन, समय पर वितरण और परीक्षा समाप्त होने के बाद ओएमआर शीट सहित अन्य गोपनीय सामग्री के सुरक्षित संग्रहण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
यातायात और ठहरने की भी होगी व्यवस्था
परीक्षा के दिन केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया है। फ्लाइंग स्क्वॉड परीक्षा केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी करेगा। इसके अलावा जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष को सक्रिय रखने तथा आवश्यकता के अनुसार परीक्षा केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू करने का निर्देश दिया गया है।
दूसरे जिलों से आने वाले जरूरतमंद परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के आसपास वैकल्पिक ठहराव की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया है। जहां होटल या अन्य ठहरने की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां आवश्यकता के अनुसार आश्रय गृह खुले रखने और उपलब्ध सुविधाओं का प्रचार-प्रसार करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया है।
उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने और झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 का सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।


