हेंसल में 75 फीट ऊंचे जगन्नाथ मंदिर की चूड़ा प्रतिष्ठा संपन्न, जय जगन्नाथ के जयकारों से गूंजा गांव
राजनगर। सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत हेंसल गांव में नवनिर्मित भव्य जगन्नाथ मंदिर की चूड़ा प्रतिष्ठा का धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। पुरी के प्रसिद्ध श्रीजगन्नाथ मंदिर की वास्तुकला से प्रेरित इस मंदिर में आयोजित कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी।

अनुष्ठान के दौरान लगभग 75 फीट ऊंचे मंदिर के शिखर पर चढ़कर धार्मिक परंपराओं के अनुसार चूड़ा में अन्न, धान, सोना, चांदी सहित विभिन्न पवित्र सामग्रियां अर्पित की गईं। इस विशेष अनुष्ठान को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। पूरे आयोजन के दौरान जय जगन्नाथ के जयघोष से हेंसल का माहौल भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ हुई। सोनरडीह से पहुंची भजन-कीर्तन मंडली शाहड़ा पेड़ की पवित्र डाली लेकर गांव में प्रवेश की। इसके बाद मंडली ने ग्रामीणों के साथ पारंपरिक तरीके से गांव का भ्रमण किया। इस दौरान महिलाओं और पुरुषों ने हल्दी मिश्रित जल से पवित्र डाली का पूजन किया और श्रद्धापूर्वक उसका स्वागत किया। भजन-कीर्तन और जयकारों के बीच पवित्र डाली को मंदिर परिसर तक लाया गया।
हेंसल में निर्मित यह भव्य जगन्नाथ मंदिर आने वाले दिनों में क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों में अपनी पहचान बना सकता है। आयोजन के माध्यम से ग्रामीणों की धार्मिक आस्था के साथ स्थानीय परंपरा और सांस्कृतिक एकजुटता भी देखने को मिली।
इस धार्मिक कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्राम प्रधान अशोक गोप, मनोज पटनायक,विनोद ज्योतिषी, उज्ज्वल मोदक, पुजारी किशोर , लालतू गोप,नंद, दिलीप पंडा , सहित हेंसल के ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।


