आदित्यपुर के रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, एक्सपायर्ड चॉकलेट-ब्रेड और सड़ा पनीर नष्ट कराया गया
आदित्यपुर के डीवीसी मोड़ स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा विभाग की औचक जांच से हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान एक रेस्टोरेंट में संदिग्ध पनीर, एक्सपायर्ड चॉकलेट, खराब ब्रेड और फफूंद लगी फूलगोभी बरामद की गई। जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विभागीय टीम ने सभी दूषित खाद्य सामग्रियों को मौके पर ही नष्ट करा दिया।

जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर को खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी रितेश कुमार ने डीवीसी मोड़ स्थित कोलकाता एम्पायर रेस्टोरेंट, चाय चाय कैफे एंड फूडिंग और द 90s एरा रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया।
जांच के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और स्वच्छता की व्यवस्था में कमियां मिलीं। इसके अलावा पेयजल की गुणवत्ता से संबंधित जांच रिपोर्ट और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र भी उपलब्ध नहीं पाए गए।
वहीं, चाय चाय कैफे एंड फूडिंग में करीब दो किलोग्राम संदिग्ध मिलावटी पनीर, दो पैकेट एक्सपायर्ड लुवाल्ट डार्क चॉकलेट, पांच पैकेट एक्सपायर्ड ब्रेड और लगभग पांच किलोग्राम फफूंद लगी फूलगोभी मिली। खाद्य सुरक्षा विभाग ने इन सभी खाद्य सामग्रियों को मौके पर ही नष्ट करवा दिया।
विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों को सात दिनों के भीतर साफ-सफाई समेत सभी कमियों को दूर करने और जरूरी दस्तावेज जमा करने का निर्देश दिया है। साथ ही भविष्य में ऐसी लापरवाही नहीं करने को लेकर चाय चाय कैफे के संचालक से स्व-घोषणा पत्र भी लिया गया।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, स्वच्छ पेयजल, सैनिटाइजेशन और कर्मचारियों की व्यक्तिगत साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय के बाद दोबारा जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।


