Newsझारखण्डसरायकेला

गम्हरिया थाना दुष्कर्म मामला: आरोपी सिपाही गिरफ्तार, थाना प्रभारी समेत 4 पुलिसकर्मी निलंबित

सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना से पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला गंभीर मामला सामने आया है। घरेलू विवाद की शिकायत लेकर थाना पहुंची एक महिला ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, थाना प्रभारी समेत चार अन्य पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

 

मिली जानकारी के अनुसार, गम्हरिया थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला गुरुवार को पारिवारिक विवाद से जुड़ी शिकायत लेकर थाने पहुंची थी। महिला ने आरोप लगाया है कि इसी दौरान ड्यूटी पर मौजूद सिपाही नीरज लकड़ा उसे थाना परिसर के एक कमरे में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।

 

घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सरायकेला एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए। एसपी के आदेश पर सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) गठित किया गया।

 

शुक्रवार देर रात एसडीपीओ पुलिस टीम के साथ गम्हरिया थाना पहुंचे। जांच के दौरान कथित घटनास्थल वाले कमरे को साक्ष्य सुरक्षित रखने के उद्देश्य से सील कर दिया गया।

 

प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए गम्हरिया थाना प्रभारी संजय प्रसाद, सब इंस्पेक्टर मनोज साहू, अनिरुद्ध सिंह और आरक्षी संतोष राय को निलंबित किया गया है। इन पुलिसकर्मियों पर कर्तव्य में लापरवाही और जिम्मेदारी का निर्वहन नहीं करने का आरोप है।

 

एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने बताया कि महिला के लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी सिपाही नीरज लकड़ा को गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल एसआईटी पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share this news