केसरसोरा में धूमधाम से मना सोहराय पर्व, सांसद जोबा माझी की मौजूदगी में गोरु खूंटा कार्यक्रम का आयोजन
छठ की आस्था के बीच सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर में आदिवासी संस्कृति और परंपरा का अनूठा रंग देखने को मिला। मौका था सोहराय पर्व का, जहां पारंपरिक गोरु खूंटा कार्यक्रम में ग्रामीणों ने पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ हिस्सा लिया।

राजनगर प्रखंड के केसरसोरा गांव में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में पश्चिमी सिंहभूम की सांसद जोबा माझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में झामुमो के केंद्रीय सदस्य कृष्णा बास्के, कालीपद सोरेन एवं जिला परिषद सदस्य श्रीमती अमोदनी महतो उपस्थित रहीं। इनके अलावा भी कई गणमान्य लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ गोरु खूंटा का आयोजन किया गया, जो आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। वहीं मांदर की थाप, पारंपरिक लोकगीत और आदिवासी वेशभूषा में कलाकारों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
आदिवासी सांस्कृतिक नृत्य प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस आयोजन ने आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और विरासत की खूबसूरत झलक पेश की। आधुनिकता के दौर में भी अपनी सांस्कृतिक पहचान को बचाए रखने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश दिया।
कुल मिलाकर छठ की भक्ति और सोहराय की उमंग के बीच केसरसोरा गांव में आस्था, संस्कृति और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला।


