Newsझारखण्ड

कुजू नदी घाट पर धूमधाम से मना छठ महापर्व, रुंगटा माइंस ने श्रद्धालुओं के लिए किए बेहतर इंतजाम

 

 

राजनगर। लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ राजनगर प्रखंड के कुजू नदी घाट पर श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं ने नदी घाट पर पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए रुंगटा माइंस लिमिटेड की ओर से घाट पर व्यापक इंतजाम किए गए थे।

 

कंपनी की ओर से कुजू नदी घाट की साफ-सफाई, घाट तक पहुंचने वाले रास्तों पर आकर्षक स्वागत द्वार, छठ व्रतियों के लिए 10 स्थानों पर ड्रेसिंग रूम तथा पर्याप्त संख्या में हैलोजन लाइट की व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा घाट परिसर में आकर्षक विद्युत सज्जा और अन्य जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई थीं। बेहतर व्यवस्थाओं के कारण व्रतियों और श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत हुई।

 

इस अवसर पर रुंगटा माइंस लिमिटेड के जॉइंट वाइस प्रेसिडेंट गिरधारी पारीक ने छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ पर्व लोक आस्था, पवित्रता, अनुशासन और सूर्य उपासना का प्रतीक है। राजनगर क्षेत्र में इस पर्व को लेकर लोगों में विशेष श्रद्धा और उत्साह देखने को मिलता है।

 

उन्होंने कहा कि कुजू नदी घाट पर हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। उनकी सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रुंगटा माइंस लिमिटेड की ओर से लगातार बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता रहा है। इस वर्ष भी पिछले वर्षों की तुलना में व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कंपनी की ओर से हरसंभव सहयोग जारी रहेगा।

 

वहीं, घाट पर की गई साफ-सफाई, रोशनी और अन्य सुविधाओं को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं ने रुंगटा माइंस लिमिटेड के प्रयासों की सराहना की। पूरे आयोजन के दौरान कुजू नदी घाट पर भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

Share this news