Newsझारखण्डसरायकेला

विधायक सविता महतो ने भगवान बिरसा मुंडा को दी श्रद्धांजलि, जामडीह में प्रतिमा का किया अनावरण

 

 

चांडिल: धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर स्थापित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

विधायक सविता महतो ने भादुडीह, हुमीद, बड़ालाखा, बिहार स्पंज आयरन, काटिया, ब्लॉक मैदान, छोटालाखा एवं डोबो पुल स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। वहीं, नीमडीह प्रखंड के जामडीह एनएच पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया।

 

इस दौरान विधायक काटिया स्टेडियम एवं बड़ालाखा में आयोजित खेलकूद और फुटबॉल प्रतियोगिताओं में शामिल हुईं। इसके अलावा ईचागढ़ प्रखंड के गौरांगकोचा और रांगाडीह में आयोजित एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता में भी पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

 

इस अवसर पर विधायक सविता महतो ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस और आत्मसम्मान का प्रतीक है। उन्होंने देश की आजादी और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही समाज और राज्य का समुचित विकास संभव है। उन्होंने कहा कि 15 नवंबर का दिन झारखंड के लिए ऐतिहासिक महत्व रखता है। इसी दिन धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का जन्म हुआ था और इसी दिन झारखंड अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया था।

 

कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य पिंकी लायेक, झामुमो केंद्रीय सदस्य गुरुचरण किस्कू, चारुचांद किस्कू, ओमप्रकाश लायेक, काबलु महतो, जिला सचिव बैद्यनाथ टुडू, प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा किशोर महतो, अर्जुन सिंह मुंडा, पशुपति महतो, मो. अरशद, बुद्धेश्वर महतो, राजू सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Share this news