विधायक सविता महतो की पहल पर तीन जरूरतमंद मरीजों को मिली 2.50 लाख रुपये की सहायता, मुख्यमंत्री राहत कोष से स्वीकृत हुई राशि
कपाली के सात वर्षीय आरीश खान के इलाज के लिए मिले एक लाख रुपये, विधायक ने परिजनों को सौंपा सहायता राशि का चेक

चांडिल: ईचागढ़ विधायक सविता महतो की पहल पर गंभीर बीमारी से जूझ रहे और दुर्घटना में घायल तीन जरूरतमंद मरीजों के इलाज के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री राहत कोष से कुल 2 लाख 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। विधायक सविता महतो ने सोमवार को तीनों मरीजों के परिजनों को सहायता राशि का चेक सौंपा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कपाली के इस्लामनगर निवासी सात वर्षीय आरीश खान के इलाज के लिए एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। आरीश दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसमें उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। उसका इलाज रांची के रानी चिल्ड्रेन अस्पताल में चल रहा है। वहीं, ईचागढ़ प्रखंड के दलालग्राम निवासी कादली गोप को पेट संबंधी गंभीर बीमारी के इलाज के लिए 75 हजार रुपये तथा नीमडीह प्रखंड के सीमागुंडा निवासी पवन महतो को इलाज के लिए 75 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई है।
बताया गया कि तीनों मरीजों के परिवारों की आर्थिक स्थिति कमजोर होने और इलाज में आ रही परेशानियों को देखते हुए विधायक सविता महतो ने 27 अक्टूबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया था। मुख्यमंत्री द्वारा राशि स्वीकृत किए जाने के बाद विधायक ने परिजनों को चेक सौंपा।
इस मौके पर विधायक सविता महतो ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को गंभीर बीमारी या दुर्घटना की स्थिति में इलाज के लिए आर्थिक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए वे लगातार प्रयासरत हैं। जरूरतमंदों को सरकारी सहायता दिलाना उनकी प्राथमिकता है।
इस अवसर पर झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू, मो. नौशाद, मो. सलाउद्दीन, टिंकू महतो सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


