Newsझारखण्ड

पटमदा में परियोजना उल्लास के तहत लगा निःशुल्क मिर्गी जांच शिविर, 100 मरीजों को मिला लाभ

 

 

12 नए मरीजों की हुई स्क्रीनिंग, 88 पुराने मरीजों का किया गया फॉलोअप; एक महीने की दवा के साथ आने-जाने और भोजन की भी निःशुल्क व्यवस्था

 

जमशेदपुर: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटमदा में शुक्रवार, 20 नवंबर को परियोजना उल्लास के तहत मिर्गी रोगियों के लिए एक दिवसीय निःशुल्क विशेष जांच शिविर का आयोजन किया गया। उपायुक्त के निर्देशानुसार तथा सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में कुल 100 मिर्गी मरीजों को चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिला।

 

शिविर में 12 नए मिर्गी मरीजों की स्क्रीनिंग और जांच की गई, जबकि 88 पुराने मरीजों का फॉलोअप किया गया। सभी मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के साथ एक महीने की दवा निःशुल्क उपलब्ध कराई गई। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों और उनके परिजनों के लिए आने-जाने तथा भोजन की भी निःशुल्क व्यवस्था की गई।

 

इस दौरान जिला आरसीएच पदाधिकारी सह परियोजना उल्लास के नोडल पदाधिकारी डॉ. रंजीत कुमार पांडा ने शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया और चिकित्सा व्यवस्था की जानकारी ली।

 

डॉ. रंजीत कुमार पांडा ने बताया कि परियोजना उल्लास के तहत जिले में इससे पहले घाटशिला, पटमदा, साकची, चाकुलिया और पोटका सहित विभिन्न क्षेत्रों में मिर्गी जांच शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इन शिविरों से मिले सकारात्मक परिणामों को देखते हुए मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है।

 

भारी बारिश और खराब मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में मरीज शिविर में पहुंचे और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में मिली निःशुल्क चिकित्सा सुविधा, दवा, भोजन और परिवहन व्यवस्था की मरीजों के परिजनों ने सराहना की। उन्होंने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार जताया।

 

शिविर को सफल बनाने में जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ. रंजीत कुमार पांडा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटमदा के प्रभारी डॉ. राजीव कुमार सिंह, जिला मानसिक स्वास्थ्य विभाग के मनोचिकित्सक डॉ. महेश हेम्ब्रम एवं डॉ. वीआरके सिन्हा, जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो सहित स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों, कर्मचारियों, सहिया साथियों और सहियाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

परियोजना उल्लास के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि मिर्गी से पीड़ित मरीजों की समय पर पहचान, नियमित जांच, उपचार और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

Share this news