Newsझारखण्डसरायकेला

झमाझम बारिश भी नहीं रोक पाई श्रद्धालुओं के कदम, मां जगधात्री के दर्शन को मंदिर में उमड़ी भीड़

 

 

एकादशी पर हेंसल मंदिर में सुबह से भक्तों का तांता, बारिश के बीच भी जारी रही पूजा-अर्चना और मां के जयकारे

 

राजनगर: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत हेंसल स्थित प्रसिद्ध मां जगधात्री मंदिर में शुक्रवार को एकादशी के अवसर पर भक्तों की अच्छी-खासी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही श्रद्धालु अपने परिवार के साथ मंदिर पहुंच रहे हैं और मां जगधात्री के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना कर रहे हैं।

 

पिछले गुरुवार से लगातार हो रही बारिश के चलते मंदिर आने वाले भक्तों को कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नजर नहीं आई। बारिश के बीच भी लोग मां के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचते रहे। मंदिर परिसर में पूरे दिन धार्मिक वातावरण बना रहा और जय माता जगधात्री के जयकारों से आसपास का इलाका गूंजता रहा।

 

गौरतलब है कि श्री श्री सार्वजनिक जगधात्री पूजा कमेटी, हेंसल की ओर से पांच दिवसीय पूजा महोत्सव का आयोजन किया गया है। इसके तहत निर्धारित तिथियों पर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं।

 

पूजा महोत्सव का समापन 22 नवंबर को महा त्रयोदशी पूजा के साथ होगा। इसी दिन दोपहर 12 बजे मां जगधात्री की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।

 

मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद भक्तों की लगातार मौजूदगी मां जगधात्री के प्रति लोगों की गहरी आस्था और श्रद्धा को दर्शा रही है।

Share this news