एस० आर० रुंगटा बी-डिविजन लीग, 2024-25
उद्घाटन मैच में शाह स्पोर्ट्स अकादमी चक्रधरपुर ने जी० एंड एस० क्लब बड़ा जामदा को हराया
पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आज से शुरू हुए एस आर रूंगटा बी-डिविजन लीग के उद्घाटन मैच में चक्रधरपुर की शाह स्पोर्ट्स क्रिकेट अकादमी की टीम ने गोप एवं सिंह क्लब बड़ा जामदा को एकतरफा मुकाबले में 124 रनों के भारी अंतर से पराजित कर पूरे चार अंक हासिल किए।

चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए आज के पहले मैच में टॉस गोप एवं सिंह क्लब बड़ा जामदा के कप्तान ने जीता तथा विपक्षी टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए शाह स्पोर्ट्स अकादमी की टीम ने हर्ष बाजरा के शानदार शतकीय पारी की बदौलत निर्धारित तीस ओवर में आठ विकेट खोकर 246 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। शतकवीर हर्ष बाजरा ने तेरह चौकों एवं चार छक्कों की मदद से 102 रन बनाए। अन्य बल्लेबाजों में नीतेश पासवान ने चार चौकों एवं दो छक्कों की मदद से 34 रन, सर्बोजीत डे ने चार छक्कों की सहायता से 24 रन, जिशान अहमद ने एक चौका की मदद से 19 रन तथा डेविड सागर मुंडा ने 13 रनों का योगदान दिया। गोप एंड सिंह क्लब बड़ा जामदा की ओर से आकाश कुमार महतो ने 40 रन देकर तीन विकेट तथा धीरज कुमार ने 39 रन देकर दो विकेट हासिल किए। सरोज महतो एवं प्रकाश डांगील को एक-एक सफलता हाथ लगी।
जीत के लिए निर्धारित तीस ओवर में 247 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जी एंड एस क्लब की पूरी टीम 21.3 ओवर में मात्र 122 रन बनाकर आल आउट हो गई और 124 रनों के अंतर से मैच गंवा बैठी। इस टीम की ओर से सरोज महतो ने 27 रन, आशीष लोहरा ने 21 नाबाद रन, प्रकाश डांगील ने 15 रन, आशीष कुमार ने 13 रन तथा धीरज कुमार ने 11 रन बनाए। शाह स्पोर्ट्स अकादमी की ओर से महेश सुलेंद्र दास ने घातक गेंदबाजी करते हुए मात्र 14 रन खर्च कर छः बल्लेबाजों को पैविलियन की राह दिखाई। मंजर आलम ने दो तथा डेविड सागर मुंडा एवं रोहन कुमार पासवान को एक-एक विकेट प्राप्त हुआ।
इससे पूर्व प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2023 बैच के परिवीक्षाधीन सह सहायक समाहर्ता श्री अर्नव मिश्रा ने की।
झंडोतोलन के पश्चात उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों तथा मैच अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। दोनों टीमों के कप्तानों के बीच टॉस कराकर उन्होंने जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह की गेंद पर शानदार शाट लगाकर प्रतियोगिता प्रारंभ करने की घोषणा की। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने उन्हें खेल भावना का परिचय देते हुए खेलने की सलाह दी। आगामी विधान सभा चुनाव के मद्देनजर स्वीप कोषांग के नोडल पदाधिकारी होने के नाते उन्होने दोनों टीमों के खिलाड़ियों तथा मैच पदाधिकारियों को 13 नबंवर को होनेवाले विधान सभा चुनाव में स्वयं तथा अपने परिवार के 18 बर्ष तथा उससे अधिक उम्र के सभी सदस्यों को एक जागरुक मतदाता बनकर मतदान करने की सलाह दी।
इस अवसर पर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष श्री मुकुंद रुंगटा, संयुक्त सचिव अनूप बर्मन एवं ओम प्रकाश गुप्ता, तेजनाथ लकड़ा, मैच पर्यवेक्षक प्रणय कुमार, दोनों अंपायर क्रमशः जयंत श्रीवास्तव एवं राजेश पुरती, मैच स्कोरर संदीप रॉय, महिला चयन समिति के सदस्य गुरमीत सिंह आदि उपस्थित थे।

दीपक महतो – संस्थापक, छोटानागपुर लाइव
दीपक कुमार महतो पिछले 8 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्हें प्रिंट मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने का व्यापक अनुभव है। अपने पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने न्यूज़ 11 सहित कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों और समाचार पत्रों में काम किया है।
वर्तमान में वे छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live) के संस्थापक हैं। इसके माध्यम से वे झारखंड की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों और क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका उद्देश्य निष्पक्ष, तथ्यपरक और विश्वसनीय समाचारों के माध्यम से आम जनता की आवाज को जन-जन तक पहुंचाना है।
वर्तमान पद: संस्थापक, छोटानागपुर लाइव (Chhotanagpur Live)
अनुभव: 8 वर्ष | प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनि
क मीडिया


