आदित्यपुर इमली चौक में धूमधाम से मनी रामनवमी, पवन सिंह और गणेश चौधरी हुए सम्मानित

आदित्यपुर। इमली चौक स्थित श्री श्री सार्वजनिक बजरंग अखाड़ा समिति की ओर से रामनवमी का पर्व इस बार भी पूरे उल्लास और पारंपरिक गरिमा के साथ मनाया गया। सुबह से ही क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी और पूरा इलाका जय श्रीराम के जयघोष से गूंजता रहा।


कार्यक्रम की शुरुआत प्राचीन हनुमान मंदिर में विधिपूर्वक पूजा-अर्चना के साथ हुई। मंत्रोच्चार के बीच समिति के सदस्यों ने हनुमान झंडा फहराया और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। पूजा के बाद अखाड़ा समिति द्वारा सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें झामुमो के केंद्रीय सदस्य पवन सिंह और गणेश चौधरी मुख्य अतिथि रहे।
समिति अध्यक्ष एवं झारखंड युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष भुगलू सोरेन ने दोनों अतिथियों का पारंपरिक रूप से स्वागत किया। उन्हें पगड़ी पहनाकर और प्रतीक स्वरूप तलवार भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अखाड़ा के खिलाड़ियों ने विभिन्न पारंपरिक अस्त्र-शस्त्रों के साथ करतब प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
उत्सव को सफल बनाने में पिन्टू सिंह, संयोजक अर्जुन गोप, रतन कुमार, संतोष सिंह, छोटू राम, विकास तिवारी, गोविंद, सोमनाथ, मनोज कंसारी, शेख हसन, मोहर्रम अली, अमित नदी, छोटू नदी, दीपक, गणेश, अमरजीत, गुरमुख सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों का योगदान सराहनीय रहा।
रामनवमी पर आयोजित यह पर्व इमली चौक में आस्था, भक्ति और सामाजिक सौहार्द का अनूठा संदेश छोड़ गया।

