आदित्यपुर क्षेत्र में शहरी विकास और पेयजल योजनाओं की उपायुक्त ने की समीक्षा, निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश
सरायकेला-खरसावाँ।


नगर निगम, आदित्यपुर क्षेत्र में चल रही शहरी विकास और पेयजल आपूर्ति से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा करते हुए उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
दिनांक 19 जुलाई, 2025 को आदित्यपुर नगर निगम कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने विशेष रूप से पेयजल आपूर्ति योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक के बाद उपायुक्त ने सीतारामपुर स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, सॉलिड वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट और सापडा स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने पर ज़ोर देते हुए कहा कि आमजन तक इन योजनाओं का लाभ शीघ्र पहुँचना चाहिए। उपायुक्त ने निर्देशित किया कि शहरी क्षेत्र की सभी विकास योजनाएं स्थानीय नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखकर पूरी की जाएं तथा कार्यस्थलों पर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन हो।
इसके अतिरिक्त, उपायुक्त श्री सिंह ने आदित्यपुर पुलिया एवं गंजिया बराज (गम्हरिया) का भी निरीक्षण किया। यह निरीक्षण रिवर्स फंड डेवलपमेंट योजना के तहत संभावित पर्यटन स्थल के विकास हेतु उपयुक्त भूमि चयन की प्रक्रिया के तहत किया गया। उन्होंने अंचल अधिकारी गम्हरिया को स्थल सीमांकन व आगे की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए।
इस निरीक्षण दौरे में उपायुक्त के साथ अपर नगर आयुक्त श्री रवि प्रकाश, उप नगर आयुक्त श्रीमती पारुल सिंह, अंचल अधिकारी श्री अरविंद कुमार वेदिया समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी और निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

