आदर्श आचार संहिता के बीच नगर परिषद प्रशासक पर चुनाव प्रभावित करने का आरोप, भाजपा ने आयोग से की कार्रवाई की मांग
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): नगर निकाय चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता लागू रहने के बीच चाईबासा नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी संतोषनी मुर्मू पर चुनाव को प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए भाजपा ने राज्य निर्वाचन आयोग से जल्द संज्ञान लेने की मांग की है। इस संबंध में चाईबासा स्थित खिरवाल धर्मशाला में भाजपा जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू के नेतृत्व में प्रेस वार्ता आयोजित की गई।


प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक गोवर्धन नायक, पूर्व जिला अध्यक्ष सतीश पुरी, जिला महामंत्री प्रताप कटिहार तथा जिला मीडिया प्रभारी जितेंद्र नाथ ओझा उपस्थित रहे। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू एवं पूर्व जिला अध्यक्ष सतीश पुरी ने बताया कि इस मामले में राज्य निर्वाचन आयोग, रांची को एक लिखित शिकायत भेजी गई है।
उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद से क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता प्रभावी है। इसके बावजूद नगर प्रशासक संतोषनी मुर्मू द्वारा चाईबासा बाजार क्षेत्र में फुटपाथ पर दैनिक जीविका चलाने वाले छोटे दुकानदारों पर दुकान हटाने का दबाव बनाया जा रहा है। आरोप लगाया गया कि दुकानदारों से कहा जा रहा है कि यदि उन्हें अपनी दुकान बचानी है तो वे सरकार के मंत्री से बात करें, अन्यथा दुकान हटा दी जाएगी।
भाजपा नेताओं का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से फुटपाथ पर दुकान लगाकर रोजी-रोटी कमाने वाले लोग भयभीत हैं। उनका आरोप है कि इससे चुनाव के दौरान निष्पक्ष वातावरण प्रभावित हो सकता है। शिकायत में यह भी आशंका जताई गई है कि यह कदम किसी विशेष प्रत्याशी को लाभ पहुंचाने की मंशा से उठाया जा रहा है।
मामले को गंभीर बताते हुए भाजपा नेताओं ने मांग की है कि संतोषनी मुर्मू को तत्काल चुनाव संबंधी कार्यों से मुक्त किया जाए, ताकि नगर निकाय चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके। फिलहाल नगर परिषद की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली है।

