Newsझारखण्ड

आनंदपुर में जंगली हाथी का हमला: 55 वर्षीय सेम लुगुन की मौत, गांव में दहशत

आनंदपुर प्रखंड के बिंजु पंचायत के संघी गांव में शुक्रवार शाम एक जंगली दंतैल हाथी ने 55 वर्षीय सेम लुगुन की जान ले ली। घटना करीब छह बजे की है, जब सेम लुगुन अपने खलिहान की ओर जा रहे थे। अचानक हाथी वहां पहुंच गया और उन पर हमला कर दिया। सेम लुगुन ने भागने की कोशिश की, लेकिन हाथी ने उन्हें सूंड से उठाकर करीब 10–20 फीट दूर जमीन पर पटक दिया और पैरों से कुचल दिया। घटना के दौरान हाथी की तेज गर्जना से पूरे गांव में दहशत फैल गई। हमला करने के बाद हाथी जंगल की ओर लौट गया।

 

घटना की जानकारी मिलते ही बिंजु पंचायत की मुखिया ज्योति सिंह ने वन विभाग को सूचना दी। आनंदपुर वन क्षेत्र पदाधिकारी तरुण सिंह ने टीम भेजी और मृतक के परिवार को तुरंत 20 हजार रुपये की सहायता राशि दी। साथ ही ग्रामीणों को सुरक्षा के लिए पटाखे और टॉर्च बांटे गए, ताकि हाथियों को दूर रखने में मदद मिल सके।

 

शनिवार सुबह आनंदपुर पुलिस ने केंदाड़ी गांव पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर भेजा। इस घटना के बाद गांव में भारी भय और तनाव का माहौल है। ग्रामीणों ने जंगल क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *