आयुर्वेद: स्वस्थ और दीर्घायु जीवनशैली का सशक्त माध्यम – मनोज चौधरी
सरायकेला, 23 सितंबर 2025: सरायकेला में आज आयुर्वेद दिवस 2025 के अवसर पर आयुष विभाग द्वारा “आयुर्वेद जन-जन के लिए, पृथ्वी के कल्याण के लिए” थीम पर जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष व पतंजलि योगपीठ के जिला प्रतिनिधि मनोज चौधरी, जिला आयुष पदाधिकारी डॉ. पूनम कुमारी, योग प्रशिक्षक, सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी और बालक मध्य विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।


रैली का शुभारंभ जिला आयुष पदाधिकारी डॉ. पूनम कुमारी द्वारा किया गया। यह रैली जिला आयुष कार्यालय से शुरू होकर सिविल सर्जन कार्यालय एवं सदर अस्पताल तक संपन्न हुई।
रैली में मनोज चौधरी ने कहा कि आयुर्वेद रोगों के उपचार के साथ-साथ योग, ध्यान और प्राकृतिक आहार के माध्यम से स्वस्थ और दीर्घायु जीवनशैली का सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि प्राचीन ऋषियों द्वारा विकसित आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति आज भी प्रभावी है और इसमें साइड इफेक्ट के बिना असाध्य रोगों का उपचार संभव है। उन्होंने कहा कि 2014 से पूर्व विदेशी मानसिकता की सरकारों ने योग और आयुर्वेद को दबाने का प्रयास किया, परंतु आज विश्व आयुर्वेद की ओर झुक रहा है और कई देशों के वैज्ञानिक इसके अनुसंधान में लगे हुए हैं।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने आयुर्वेद, सिद्ध और यूनानी चिकित्सा के रुग्णता कोडों को अपने ICD-11 मॉड्यूल में शामिल किया है, जो आयुर्वेद की वैश्विक पहचान को और मजबूत करता है।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से डॉ. मोनालिसा पंडित, डॉ. सोनाली लिपिक, अनुज कुमारी, योग प्रशिक्षक दिनेश कुमार अग्रवाल, विवेक कुमार अग्रवाल, राकेश साहू, सुषमा महतो, सुषमा कुमारी, सरिता महतो, साधेश्वरी महतो और कई अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।

