अब एक भी पेड़ नहीं कटेगा!” लोधा पहाड़ में ग्रामीणों का ऐलान, हरियाली बचाने बनी वन संरक्षण समिति
राजनगर प्रखंड के लोधा पहाड़ क्षेत्र में सोमवार सुबह पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक महत्वपूर्ण आमसभा आयोजित की गई। यह बैठक सुबह 7 बजे लोधा बाबा पूजा स्थल के समीप हुई, जिसकी अध्यक्षता सोसो गांव के ग्रामीण मुंडा सुरेश सुरीन ने की।


सभा में ईचा, रेगरबेड़ा, बनकसाई और बालीडीह सहित आसपास के कई गांवों के युवा और ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि अब लोधा पहाड़ क्षेत्र में किसी भी हालत में पेड़ों की कटाई नहीं की जाएगी। ग्रामीणों ने कहा कि पहाड़ की हरियाली उनकी पहचान और जीवन का अभिन्न हिस्सा है, जिसे बचाना अब सभी की साझा जिम्मेदारी बन गई है।
युवाओं ने पर्यावरण सुरक्षा के लिए एकजुटता दिखाते हुए सूचना के त्वरित आदान-प्रदान हेतु एक व्हाट्सएप समूह का गठन किया। यह समूह अवैध पेड़ कटाई जैसी घटनाओं की जानकारी मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।
सभा में “वन संरक्षण समिति” के गठन का भी फैसला लिया गया। समिति के सदस्य शीघ्र ही वन विभाग के अधिकारियों से मिलकर लोधा पहाड़ क्षेत्र में वृक्षारोपण अभियान चलाने की योजना बनाएंगे। ग्रामीणों का कहना है कि यह पहल न केवल पर्यावरण की रक्षा के लिए जरूरी है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के उज्जवल भविष्य के लिए भी महत्वपूर्ण है।
बैठक के समापन पर उपस्थित युवाओं ने शपथ ली कि वे लोधा पहाड़ की हरियाली की रक्षा के लिए हमेशा सक्रिय रहेंगे और प्रकृति के संरक्षण में अपना पूर्ण योगदान देंगे।

