Newsझारखण्डसरायकेला

आदित्यपुर में 18 वर्षीय युवती की मौत, फ्लैट नंबर 515 को लेकर उठे सवाल

आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सतबोहनी स्थित साई कृष्णा हेवन सिटी में गुरुवार को एक 18 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में ऊंचाई से गिरने के बाद मौत हो गई। मृतका की पहचान खुशबू कुमारी के रूप में की गई है, जो सतबोहनी इलाके की निवासी बताई जा रही है।

 

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक खुशबू साई कृष्णा हेवन सिटी पहुंची थी। उसने प्रवेश द्वार पर तैनात गार्ड से फ्लैट नंबर 515 में एक परिचित से मिलने की बात कही, जिसके बाद वह ऊपर चली गई। कुछ देर बाद उसके नीचे गिरने की सूचना से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।

 

घटना की जानकारी मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। वहीं किशोरी के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।

 

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि खुशबू फ्लैट नंबर 515 में किससे मिलने गई थी, वहां पहुंचने के बाद क्या घटनाक्रम हुआ और वह किन परिस्थितियों में नीचे गिरी। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि होने तक मौत के कारण को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।

Share this news