अशोक जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता, 2025-26
लारसन क्लब को पराजित कर शाह स्पोर्ट्स अकादमी क्वार्टर फाईनल में


चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): लगभग एक पखवाड़ा के अंतराल के बाद आज से पुनः शुरू हुए 10वीं अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत आज खेले गए एक रोमांचक मैच में चक्रधरपुर की शाह स्पोर्ट्स अकादमी ने अपेक्षाकृत मजबूत माने जाने वाली टीम लारसन क्लब को मैच के आखरी ओवर में मात्र एक विकेट से पराजित कर क्वार्टर फाईनल में अपना स्थान पक्का कर लिया। अब क्वार्टर फाईनल में शाह स्पोर्ट्स क्रिकेट अकादमी का मुकाबला 6 फरवरी को चक्रधरपुर क्रिकेट अकादमी एवं लट्टू उरांव क्रिकेट क्लब के बीच खेले जाने वाले मैच के विजेता से 12 फरवरी को होगा।
चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए आज के मैच में टॉस शाह स्पोर्ट्स अकादमी के कप्तान ने जीता तथा विपक्षी टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए लारसन क्लब की पूरी टीम 29.5 ओवर में 177 रन बनाकर आल आउट हो गई। लारसन क्लब की ओर से पारी की शुरुआत करने आए कप्तान जन्मजय सिंह यादव ने आठ चौके की सहायता से 53 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। एक समय लारसन क्लब के पाँच महत्वपूर्ण विकेट मात्र 54 रन के स्कोर पर ही गिर गए थे और ऐसा लग रहा था कि टीम का स्कोर तीन अंक तक भी नहीं पहूँच पाएगा परंतु निचले क्रम में सचिन भाटी ने 37 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहूँचाया। अन्य बल्लेबाजों में हिमांशु पांडेय ने 17, मनीष कुमार एवं अनमोल ने 16-16 रनों का योगदान दिया।
शाह स्पोर्ट्स अकादमी की ओर से करण कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मात्र 25 रन देकर चार विकेट चटकाए। कप्तान डेविड सागर मुंडा ने भी अच्छी गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए 33 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। अनुभवी मंजर आलम को दो सफलता हाथ लगी।
जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी शाह स्पोर्ट्स अकादमी ने 29.1 ओवर में 179 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया हलांकि इस प्रयास में उन्होंने अपने नौ विकेट भी गंवाए। इस टीम की ओर से मिहिर श्रीवास्तव ने पाँच चौके एवं एक छक्का की मदद से 45 रन, विकेटकीपर बल्लेबाज जिशान अहमद ने चार चौके एवं तीन छक्के की सहायता से 42 रन, नितेश पासवान ने तीन चौके एवं दो छक्के की सहायता से 34 रन तथा मंजर आलम ने एक चौका एवं एक छक्का की सहायता से 24 रन बनाए।
लारसन क्लब की ओर से विनय यादव ने 18 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। सचिन भाटी एवं कुशाग्र यादव को दो-दो सफलता हाथ लगी जबकि देवांश शुक्ला एवं हिमांशु पांडेय ने एक-एक विकेट हासिल किए।
दशवें अशोक कुमार जैन जिला नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता में कल फ्रेंड्स क्लब चाईबासा का मुकाबला आर के क्रिकेट अकादमी सोनुवा से होगा।

