खरसावां प्रखंड अंतर्गत बडाबांबो में जोरडीहा पंचायत सचिवालय भवन के निर्माण कार्य का शिलान्यास शनिवार को जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने नारियल फोड़कर व शिलापट्ट का अनावरण कर किया. इस दौरान जिप अध्यक्ष सोनाराम बोदरा ने कहा कि पुराना पंचायत भवन जर्जर अवस्था में होने के कारण पंचायत के कार्यों में काफी परेशानी होती थी. नया पंचायत सचिवालय का नया भवन बनने से पंचायत प्रतिनिधियों के साथ साथ क्षेत्र के लोगों को भी काफी सहुलियत होगी. नये पंचायत सचिवलाय में सभी तरह की हाईटेक सुविधायें उपलब्ध रहेगी. जिला परिषद से गांवों में मुलभूत सुविधायें उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है. मौके पर सोनाराम बोदरा ने जल्द ही जिला परिषद से बडाबांबो बाजार में मार्केट कॉम्पलेक्स का दुकान बनाने की घोषणा की.

उन्होंने बताया कि जिला परिषद की अगली बोर्ड बैठक में इस योजना को पारित करायेंगे. उन्होंने कहा कि जिला परिषद से विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने का प्रयास किया जा रहा है. मौके पर सावित्री बानरा, मुखिया सोनामुनी पुरती, पूर्व मुखिया मांगीलाल पुरती, पूर्व जिप सदस्य कुंवर सिंह बानरा, लक्ष्मीकांत महतो, कृष्णा नायक, सामू बोदरा, विजय महतो, सुशील महतो, मंगल कांडेयबुरु, ग्राम प्रधान संतोष नायक, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष धर्मेंद्र प्रधान, सुशांत नंदा समेत ग्रामीण उपस्थित थे.
