BJPNewsझारखण्ड

भाजपा समर्थक प्रत्याशी रमेश खिरवाल के समर्थन में पिछड़ा जाति मोर्चा का जनसंपर्क  

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रचार अभियान तेज हो गया है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार रमेश खिरवाल उर्फ लड्डू के समर्थन में भाजपा पिछड़ा जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री हेमंत कुमार केशरी ने गाड़ीखाना वार्ड संख्या 4 में जनसंपर्क अभियान चलाया।

 

इस दौरान उन्होंने वार्ड के मतदाताओं से मुलाकात कर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील की।

 

जनसंपर्क के दौरान हेमंत केशरी ने कहा कि रमेश खिरवाल भारतीय जनता पार्टी के समर्पित और लोकप्रिय उम्मीदवार हैं। उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की गई हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लोगों को घर मिले हैं, पाइपलाइन से स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त गैस कनेक्शन दिए गए हैं और फुटपाथ दुकानदारों को रोजगार के लिए बैंक ऋण उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा चाईबासा में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा के लिए नया मेडिकल कॉलेज भी बनाया जा रहा है।

 

उन्होंने कहा कि पिछले सात वर्षों से गरीब परिवारों को मुफ्त चावल और गेहूं दिया जा रहा है, जिससे लोगों का जीवन स्तर बेहतर हुआ है। ऐसी योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा के उम्मीदवार रमेश खिरवाल को क्रमांक 6 के बिस्कुट छाप पर मतदान कर भारी मतों से विजयी बनाना आवश्यक है।

 

हेमंत केशरी ने कहा कि रमेश खिरवाल चाईबासा के पुराने निवासी हैं और अध्यक्ष बनने के बाद वे मोहल्लों को गंदगी से मुक्त कराएंगे तथा वार्ड के जर्जर सामूहिक शौचालय की मरम्मत कराएंगे। उन्होंने वार्डवासियों की मुख्य समस्या बताते हुए कहा कि घरों की जमीन का मालिकाना हक दिलाना सबसे बड़ी जरूरत है, जिसे भाजपा ही पूरा कर सकती है। उन्होंने बताया कि भाजपा शासनकाल में मुख्यमंत्री रघुवर दास के समय इस संबंध में निर्णय लिया गया था, लेकिन बाद में बनी झामुमो-कांग्रेस गठबंधन सरकार ने अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।

 

अंत में उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे किसी भी तरह के प्रलोभन से बचें और भाजपा प्रत्याशी रमेश खिरवाल को भारी मतों से जिताकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथ मजबूत करें।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *