DC saraikelaLatestNewsझारखण्डसरायकेला

भारी बारिश से भईयानाचना गांव में मकान ध्वस्त, परिवार बाल-बाल बचा, बाइक भी दबकर टूट गई 19 जुलाई को दिया गया था आवेदन, प्रशासन अब तक नहीं पहुँचा

राजनगर (सरायकेला): प्रखंड अंतर्गत भईयानाचना गांव निवासी अंतुष महतो का मकान लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बुधवार रात करीब 10:30 बजे पूरी तरह से ध्वस्त हो गया। घटना के वक्त पूरा परिवार घर के अंदर मौजूद था, लेकिन गनीमत रही कि सभी सदस्य बाल-बाल बच गए।

 

घटना में केवल घर ही नहीं, बल्कि घर के आंगन में खड़ी एक मोटरसाइकिल भी मलबे में दबकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

 

गौरतलब है कि इससे पहले भी 9 जुलाई को मकान का आधा हिस्सा गिर गया था। इस संबंध में पीड़ित अंतुष महतो ने राजनगर अंचल अधिकारी को आवेदन देकर घर की जर्जर स्थिति से अवगत कराया था, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई जांच या सहायता नहीं की गई।

 

पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने पहले भी कई बार प्रशासन से लिखित और मौखिक तौर पर गुहार लगाई, लेकिन सिर्फ आश्वासन मिला। अब जब मकान पूरी तरह गिर चुका है और उनकी बाइक भी टूट चुकी है, तो उनके पास न रहने की जगह बची है, न ही आने-जाने का साधन।

 

अंतुष महतो ने प्रशासन से मांग की है कि उन्हें जल्द से जल्द प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास तथा वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे अपने परिवार के साथ सुरक्षित जीवन जी सकें।

 

स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रशासन से तत्काल राहत और मुआवज़ा की मांग की है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *