चाईबासा में नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी तेज, अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों ने झोंकी ताकत
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): चाईबासा नगर निकाय चुनाव को लेकर शहर में सरगर्मी पूरी तरह से तेज हो गई है। अध्यक्ष पद के नौ उम्मीदवार अपने-अपने समर्थकों के साथ विभिन्न वार्डों और बाजार क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। सभी प्रत्याशी मतदाताओं से मिलकर अपने पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं।


अध्यक्ष पद के उम्मीदवार सुनील प्रसाद साव सैकड़ों महिला एवं पुरुष समर्थकों के साथ युद्ध स्तर पर प्रचार-प्रसार में जुटे हुए हैं। वे घर-घर जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं और अपने पक्ष में वोट मांग रहे हैं। उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक भी मौजूद हैं। वहीं उनकी धर्मपत्नी आशा प्रसाद भी महिला संगठन के साथ अलग-अलग मोहल्लों में जाकर अपने पति सुनील प्रसाद साव के समर्थन में जनसंपर्क कर रही हैं। महिला समूहों के माध्यम से वे मतदाताओं से समर्थन की अपील कर रही हैं।
इधर अध्यक्ष पद के एक अन्य उम्मीदवार नितिन प्रकाश ने चुनाव प्रचार को हाईटेक अंदाज दिया है। वे नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को अपने विचारों और योजनाओं से अवगत करा रहे हैं। विभिन्न वार्डों में नुक्कड़ नाटक आयोजित कर वे मतदाताओं का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं और अपने पक्ष में वोट की अपील कर रहे हैं।
वहीं कांग्रेस के पूर्व नगर अध्यक्ष एवं अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मोहम्मद सलीम भी अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ शहर के अलग-अलग वार्डों में जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। वे लोगों से मिलकर चुनाव में समर्थन देने की अपील कर रहे हैं।
नगर निकाय चुनाव को लेकर शहर का माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंग गया है और सभी उम्मीदवार अपनी-अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत लगा रहे हैं।

