चाईबासा नगर निकाय चुनाव: अध्यक्ष पद के लिए झामुमो समर्थित प्रत्याशी होंगे नितिन प्रकाश
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): चाईबासा नगर निकाय चुनाव में नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने समाजसेवी एवं जाने-माने व्यवसायी नितिन प्रकाश को अपना समर्थित प्रत्याशी बनाया है। इसकी जानकारी झामुमो जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।


बुधराम लागुरी ने बताया कि नितिन प्रकाश ने हाल ही में झामुमो जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम के समक्ष नगर निकाय चुनाव लड़ने के लिए अपना आवेदन सौंपा था, जिसे जिला झामुमो ने स्वीकृति प्रदान की है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में झामुमो की सदस्यता लेने के बाद से ही नितिन प्रकाश चाईबासा नगर क्षेत्र में सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
नितिन प्रकाश विभिन्न सामाजिक और शैक्षणिक संस्थाओं से जुड़े रहे हैं। वे पश्चिमी सिंहभूम ओलंपिक संघ, चाईबासा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, कोल्हान विश्वविद्यालय के सीनेट सदस्य, केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति तथा एफजेसीसीआई (फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज) जैसी संस्थाओं में विभिन्न पदों पर रह चुके हैं।
बुधराम लागुरी ने कहा कि नितिन प्रकाश के नाम की घोषणा के बाद से ही झामुमो जिला संगठन में उत्साह का माहौल है। चाईबासा के जाने-माने व्यवसायी और समाजसेवी नितिन प्रकाश ने नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए झामुमो समर्थित उम्मीदवार के रूप में औपचारिक रूप से अपना आवेदन जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम को सौंपा है।

